Breaking News

दबंगों ने चलाई महिला पत्रकार पर गोली


कानपुर. यूपी में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उनको न तो कानून का डर है और न ही पुलिस का खौफ। ताज़ा मामला काकादेव थानाक्षेत्र का है जहां इलाकाई दबंगों ने एक महिला पत्रकार के घर पर पथराव किया और सरेआम 4 गोलियां भी चला दीं। सूचना पा कर सी.ओ स्वरूप नगर महेंद्र सिंह देव तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।



जानकारी के अनुसार काकादेव निवासी महिला पत्रकार अंजली सिंह एक स्थानीय दैनिक समाचारपत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि आज शाम को वो अपने पुत्र अर्जुन के साथ कहीं से आ रहीं थी तभी बदनाम चाय वाले के पास इलाके के दबंग विष्णु ठाकुर ने उनको रोका और किसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गयी। गुस्से में विष्णु ठाकुर ने तमंचा निकाल लिया और अंजली सिंह पर तान दिया। घबराई अंजली सिंह और उनके पुत्र ने किसी प्रकार वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। दबंग विष्णु ने अपने 20 से 25 साथियों समेत उनका घर तक पीछा करके उनके घर पर चढ़ कर पथराव किया और तमंचे से फायरिंग भी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर चार राउंड गोलियां चलाई गईं थीं और काफी हंगामा भी हुआ था।



पत्रकार अंजली सिंह ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने काकादेव में की। सूचना पा कर सी.ओ स्वरूप नगर महेंद्र सिंह देव तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। सी.ओ ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

 

(सूरज कश्‍यप एवं गुड्डू सिंह की रिपोर्ट)

कोई टिप्पणी नहीं