Breaking News

भाजपा पार्षद ने किया वृद्ध के मकान पर कब्‍जा

कानपुर 11 फरवरी 2019. वार्ड 37 अशोक नगर में रहने वाले अखिलेश कुमार मिश्र सीनियर सिटीजन हैं, इनके भवन में पिछले कई वर्षों से सतीश चंद्र मिश्र व उनकी पत्नी नमिता मिश्रा ने किराए पर कमरा ले रखा है और वहीं पर निवास करते हैं। बीते 2017 में हुए नगर निगम के चुनाव में नमिता मिश्र भाजपा से पार्षद निर्वाचित हुई थीं पार्षद बनने के बाद अचानक ही नमिता व उनके पति पर सत्ता का नशा सर चढ़ कर बोलने लगा उन्होंने किराया देना बंद कर दिया और किराए की मांग करने पर धमकियां देनी शुरू कर दीं। 



सत्ता के प्रभाव के चलते उन्हें सीनियर सिटीजन की अनुमति के बिना जल संस्थान व केस्को में कनेकशन भी उपलब्ध करवा दिए। पीड़ित सीनियर सिटीजन अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि पार्षद नमिता व उनके पति पर 1 लाख 10 हज़ार 615 रुपये का किराया बकाया हो गया है। हम और पत्नी शारीरिक रूप से लाचार हैं इसी किराये से हमारा घर चलता है। कई बार गुहार लगाने के बाद भी न तो वह मकान ही खाली कर रहे है और न ही किराया दे रहे हैं, जिसके चलते पूरा परिवार अवसाद ग्रसित हो गया है। उन्होंने इसकी शिकायत देश के राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री सभी जगहों पर न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन कहीं भी न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि अगर अभी भी न्याय नहीं मिलेगा तो वह अपनी पत्नी के साथ डीएम कार्यालय पर आत्मदाह कर लेंगे।