Breaking News

लंदन के अंडरग्राउंड मेट्रो में धमाका, कई घायल

लंदन 15 सितम्‍बर 2017. ब्रिटेन की राजधानी लंदन में शुक्रवार सुबह एक अंडरग्राउंड ट्रेन में धमाका हो गया। धमाके के कारण कई लोग घायल हो गए हैं। धमाके के बाद डर के मारे लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस हमले में कई लोगों के चेहरे झुलस गए। यह घटना दक्षिणी लंदन के पार्सन्स ग्रीन इलाके की है। 


सोशल मीडिया में आई तस्वीरों में एक प्लास्टिक की बाल्टी जैसी चीज में आग जलती दिखाई दे रही है। तस्वीरों में पास में एक बैग भी दिखाई दे रहा है। धमाके का कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। धमाका सुबह 8.20 बजे हुआ है। ब्रिटिश मीडिया के अनुसार पुलिस अधिकारी और एम्बुलेंस घटनास्थल पर मौजूद हैं। ट्रेन सर्विस को फिलहाल रोक दिया गया है। एक यात्री ने बताया कि अचनाक से धमका हुआ और चारों तरफ गुबार फैल गया। एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि धमाके के बाद लोग बदहवास भागने लगे। कई के चेहरे पर खून और धूल लगी हुई थी।

खबरों के मुताबिक एक कंटेनर में धमाका हुआ है। धमाके के बाद उसमें आग लग गई। घटना के बाद पूरे स्टेशन को पुलिस ने घेर लिया है। ट्रेन और स्टेशन की सघन तलाशी की जा रही है। धमाके के बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई थी। पुलिस ने लोगों को स्टेशन से दूर रहने की सलाह दी है।