Breaking News

ISIS चीफ बगदादी की पत्नी और बेटा लेबनान में गिरफ्तार

बेरुत। आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के मुखिया अबु बक्र अल बगदादी की पत्नी और बेटे को लेबनानी सिक्युरिटी फोर्स ने सीरियाई बॉर्डर के नजदीक गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। सेना से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोनों को कुछ दिन पहले फर्जी पासपोर्ट के साथ लेबनान की सीमा में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। यह भी बताया जा रहा है कि लेबनानी आर्मी ने नुसरा फ्रंट के कमांडर अनस शरकास की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार की गई महिला का नाम सजा हमीद अल दुलैमी है, जिसे इस साल सीरियाई जेल से 13 ननों के बदले रिहा किया गया था। बगदादी की पत्नी के बदले में छोड़ी गई 13 ननों को पिछले साल दिसंबर में बंधक बनाया गया था। लेबनानी न्यूज वेबसाइट डेलीस्टार ने सूत्रों के हवाले से बताया कि आर्मी इंटेलिजेंस ने बगदादी की पत्नी और उसके बेटे को छह दिन पहले उत्तरी अबोदियाह बॉर्डर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला बगदादी की पहली पत्नी है। हालांकि, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने लेबनान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि बगदादी की पत्नी को नौ दिन पहले एक लड़की के साथ गिरफ्तार किया गया था। डीएनए टेस्ट में पुष्टि हुई है कि लड़की बगदादी की ही बेटी है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उसे लेबनान रक्षा मंत्रालय ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।