Breaking News

एग्जिट पोल: 4 राज्यों में BJP को बढ़त, कांग्रेस हुई निराश

नई दिल्‍ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा कांग्रेस के ऊपर बढ़त बनाती नजर आ रही है। अलग-अलग एजेंसियों के बुधवार शाम को आए एग्जिट पोल चार राज्यों में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरती हुई दिखा रहे हैं।
हाल में खत्म हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी 4-0 से कांग्रेस को मात दे सकती है। एग्जिट पोल के नतीजों की मानें तो दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में बीजेपी सत्ता में आ रही है। वोट देकर बाहर निकलने वाले लोगों की राय के आधार पर एग्जिट पोल किए जाते हैं। इसके मुताबिक, बीजेपी राजस्थान में कांग्रेस को पछाड़ने वाली है, जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपनी सत्ता बरकरार रखेगी। दिल्ली में इसके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने की संभावना है। हालांकि, चुनाव के वास्तविक नतीजों के बारे में रविवार को ही पता चल पाएगा। मतदान के बाद विभिन्न एजेंसियों की रायशुमारी और राज्यों से मिल रहे फीडबैक ने कांग्रेस नेतृत्व को निराश किया है। पार्टी के एक रणनीतिकार ने हालांकि कहा कि छत्तीसगढ़ में उन्हें उम्मीद है। लेकिन यदि परिणाम वैसे ही रहते हैं, जैसे पोल बता रहे हैं, तो चिंता होना स्वाभाविक है। उस स्थिति में केंद्र सरकार के बचे हुए कार्यकाल का और डांवाडोल होना तय है। कांग्रेस यदि सभी जगह हार दर्ज कराती है, तो यह कहना मुश्किल है कि कृषि मंत्री शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी या अजित सिंह के राष्ट्रीय लोकदल का क्या रुख होगा। पुराने अनुभवों को देखते हुए भाजपा इन अनुमानों को लेकर बहुत ज्यादा उत्साह दिखाने से बच रही है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि एग्जिट अनुमान और असली नतीजों में बहुत फर्क होता है। इसलिए इनको ही सच मान लेना सही नहीं है। हालांकि असल नजीते इनसे भी बेहतर हो सकते हैं। 
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा के हैट्रिक लगाने को है, तो राजस्थान में कांग्रेस के हाथ से सत्ता जाने की बात की जा रही है। मिजोरम में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगने के संकेत हैं। वहीं दिल्ली में भाजपा, कांग्रेस के साथ आम आदमी की पार्टी को तीसरी ताकत के तौर उभरता हुआ दिखाया गया है।