Breaking News

कांग्रेस के पास सिर्फ दो काम मोदी खोजो और सोना खोजो: नरेन्‍द्र मोदी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की रैली में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। मोदी ने अपने भाषण में दावा किया कि कांग्रेस उनकी जासूसी कराती है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास सिर्फ दो काम है, मोदी को खोजो और सोना खोजो।
पूरे भाषण के दौरान मोदी कांग्रेस पर एक के बाद एक हमले बोलते रहे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने उनकी जासूसी के लिए बाकायदा टीम बनाई हुई है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने देश को लूट लिया है। कांग्रेस देश को हिसाब दे। पूरे देश के लोगों को कांग्रेस पर भरोसा नहीं है। उन्होंने अपने ऊपर किए गए कांग्रेसी नेताओं के हमले का जवाब दिया। उन्‍होंने कहा की 'चाय बेचने वाला देश का पीएम बनेगा या नहीं, यह देश तय करेगा। गरीब होना कोई गुनाह है क्या? गरीब के पेट से पैदा होना कोई गुनाह है क्या? एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, लेकिन देश को बेचने वाला प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। उन्होंने कहा शहजादे (राहुल गांधी) यहां आए थे और वह व्यवस्था बदलने की बात कर रहे थे। सबसे पहली बात, उन्हें यह पता होना चाहिए कि यह व्यवस्था उनके पिता (राजीव गांधी) और दादी (इंदिरा गांधी) तथा पिता के नाना (जवाहर लाल नेहरू) ने 60 साल में अपने शासनकाल में बनाई। मोदी ने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक चुनाव रैली में अपने संबोधन में कहा इन्हीं लोगों ने व्यवस्था बनाई। इन्हीं लोगों ने अपने निजी लाभ के लिए इसे तोड़ा मरोड़ा और इसका दुरूपयोग किया। जब उन्हें पता चला कि अब जाने का समय आ गया है तो वह व्यवस्था बदलने की बात कर रहे हैं। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ न केवल अपने लिए, बल्कि आसपास के तीन राज्यों के लिए चावल उत्पादन करता है। उन्होंने कहा कि इन दिनों कई कांग्रेस नेता और 1,000 से अधिक अनुसंधानकर्ता उन्हें अपशब्द कहने के लिए उनके भाषणों का विशलेषण करने टेलिविजन कैमरों के सामने बैठ कर सार्वजनिक बहसों में हिस्सा लेते हैं। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उनका समर्थन करने के लिए विख्यात गायिका लता मंगेशकर पर कुछ कांग्रेस नेताओं की प्रतिकूल टिप्पणियों के मुद्दे पर मोदी ने कहा कि इससे फासीवाद का अहसास होता है और यह लोकतंत्र के मानकों के प्रतिकूल है। मोदी ने वित्त मंत्री पी चिदंबरम की, विदेश में दिए गए इस कथित बयान के लिए आलोचना की कि भारत पिछले 5,000 साल से एक गरीब देश है। मोदी ने वित्त मंत्री की देश के बारे में जानकारी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा देश के वित्त मंत्री होने के बावजूद देश के बारे में उनके ज्ञान पर मीडिया की कृपा के चलते, किसी ने सवाल नहीं उठाए। भगवान राम और  कृष्ण के समय से ही भारत एक समृद्ध देश के तौर पर जाना जाता रहा है।