Breaking News

सर्वे: 4 में से 3 राज्यों में बीजेपी की सरकार बनेगी

नई दिल्‍ली। नवंबर में होने वाले राज्‍यों के विधानसभा चुनावों में एक सर्वे के मुताबिक तीन राज्‍यों में भाजपा बहुमत में रहेगी, जबकि दिल्‍ली की गद्दी लगातार चौथी बार शीला दीक्षित को मिल सकती है। सर्वे के अनुसार मध्‍यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में भाजपा की सत्ता बरकरार रहेगी, तो राजस्‍थान में भाजपा की वापसी होगी।
कुल मिलाकर चार राज्‍यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा कांग्रेस पर भारी पड़ेगी। दिल्‍ली की गद्दी लगातार चौथी बार शीला दीक्षित को मिल सकती है। दरअसल अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भाजपा के वोट काटने का काम करेगी, जिसका फायदा कांग्रेस को होगा। यह सर्वे 1 अगस्त से 10 सितंबर के बीच 14,689 मतदाताओं पर किया गया। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में कांग्रेस को 32 से 37 के बीच सीटें मिलेंगी। पिछले साल पार्टी ने 41 सीटें जीती थीं। दिल्ली में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सर्वे के मुताबिक भाजपा को 22-27 और आम आदमी पार्टी को 7-12 सीटें मिलने की संभावना है। मगर दिल्ली भाजपा में कोई मजबूत नेता न होने के कारण केजरीवाल बाजी मार सकते हैं। सर्वे में शामिल मतदाताओं ने सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री की सूची में केजरीवाल को शीला के बाद दूसरे नंबर पर रखा है। आधे से ज्यादा मतदाताओं ने कहा कि वे मौजूदा शीला सरकार से संतुष्ट नहीं हैं या बहुत असंतुष्ट हैं। मगर इस सत्ता विरोधी लहर के बावजूद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के कारण इन वोटों का लाभ भाजपा को नहीं मिल पाएगा। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि 54 प्रतिशत लोगों का कहना था कि अगर आम आदमी पार्टी न होती, तो वे भाजपा को वोट देते। मध्‍यप्रदेश में सर्वे के अनुसार एमपी में भाजपा की जीत के साथ ही शिवराज सिंह चौहान फिर से मुख्‍यमंत्री बनेंगे। इस बार कांग्रेस को 13 सीटों का लाभ होने की उम्‍मीद है, लेकिन भाजपा की सत्‍ता में वापसी तय है। सर्वे में भाजपा को 130, कांग्रेस को 84, बसपा को 5 और अन्‍य को भी 5 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं मुख्‍यमंत्री पद के लिए 56 फीसदी लोग शिवराज सिंह चौहान, 23 फीसदी लोग ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया, 3 फीसदी लोग दिग्विजय सिंह और चार फीसदी लोग उमा भारती और 14 फीसदी अन्‍य के पक्ष में हैं। छत्‍तीसगढ़ भाजपा फिर एक बार कांग्रेस पर जीत हासिल करेगी। इस चुनाव में कांग्रेस को 40, भाजपा को 47, बसपा को 2 और अन्‍य को एक सीट हासिल होगी। सर्वे के अनुसार 48 फीसदी लोग रमन सिंह को मुख्‍यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं। राजस्‍थान की रिपोर्ट के अनुसार राजस्‍थान में भाजपा को 118 सीटें, कांग्रेस को 64, बसपा को 3 और अन्‍य को 15 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं 44 फीसदी लोग वसुंधरा राजे को मुख्‍यमंत्री पद का उम्‍मीदवार मानते हैं। अशोक गहलोत के पक्ष में 25 फीसदी, सचिन पायलेट के पक्ष में 5 और सीपी जोशी के पक्ष में चार फीसदी लोग हैं।