Breaking News

दिग्विजय सिंह का आरोप, भाजपा करा रही है दंगे

नई दिल्ली। इन दिनों देश के कई राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा बढ़ती ही जा रही है। इधर,राजनेता अपनी बहसबाजी से बाज नहीं आते हैं। अब कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर किश्तवाड़ में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।
सिर्फ किश्तवाड़ हिंसा के लिए ही नहीं बल्कि उन्होंने बिहार में पिछले दिनों हुए दंगों में भी भाजपा का ही हाथ बताया है। दिग्विजय ने ट्वीट में कहा है कि दो महीनों में छह सांप्रदायिक दंगे बिहार में, किश्तवाड़ में, टोंक राजस्थान में हुए। मैंने चेताया था कि भाजपा गैरभाजपाई राज्यों को निशाना बना सकती है। कांग्रेस महासचिव ने एक अन्य ट्वीट में नरेंद्र मोदी के खाद्य सुरक्षा विधेयक पर प्रधानमंत्री को चिट्ठी भेजने पर खिंचाई की है। उन्होंने पार्टी नेताओं में आपस में भरोसा न होने और मतभेद होने की बात की ओर इशारा किया है। उन्होंने लिखा है कि मोदी को भाजपा संसदीय दल पर यह भरोसा नहीं है कि वह खाद्य सुरक्षा बिल के उचित मुद्दों को उठाएगा। इसलिए उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी है। यह सुषमा के खिलाफ अविश्वास है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाद्य सुरक्षा विधेयक पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र भेजा है और उसमें खाद्य सुरक्षा कानून पर मुख्यमंत्रियों की एक बैठक बुलाने का प्रस्ताव किया है।