Breaking News

बदायूं में अधेड़ महिला के साथ हुआ सामूहिक बलात्कार


लखनऊ (महेश प्रताप सिंह).
बदायूं जिले में एक अधेड़ उम्र की महिला के साथ कुछ हैवानों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर महिला की हत्या कर दी। हैवानों ने पीड़िता के शरीर के कई अंगो पर प्रहार कर उनको क्षतिग्रस्त कर दिया। यह मामला बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां पर गांव की एक महिला रविवार की शाम को मंदिर गई, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। 
 
 
सूत्रों के अनुसार मामले में मंदिर का एक पुजारी और उसके दो सहयोगी शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। वहीं, विपक्ष ने योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरने का काम किया है। 
 
 
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वविटर पर लिखा है कि बदायूँ में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद हैवानियत और दरिंदगी का जो वीभत्स रूप पोस्टमार्टम में सामने आया है वो दिल दहलाने वाला है। भाजपा सरकार अपराधियों को बचाने की कोशिश न करे और मृतका व उसके परिवार को पूर्ण न्याय मिले। भाजपा सरकार का कुशासन अपराधियों की ढाल न बने। वहीं प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है कि हाथरस में, सरकारी अमले ने शुरुआत में फरियादी की नहीं सुनी, सरकार ने अफसरों को बचाया और आवाज को दबाया, बदायूं में, थानेदार ने फरियादी की नहीं सुनी, घटनास्थल का मुआयना तक नहीं किया। महिला सुरक्षा पर यूपी सरकार की नियत में खोट है। 
 
 
कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने तो सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देना का आरोप लगा दिया। बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस घटना की निंदा की है। इस पूरे मामले में बदायूं के एसएसपी संकल्प मिश्रा का भी बयान सामने आया। एएसपी ने बताया कि एक 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के संदर्भ में IPC की धारा 302 और 376D के अंतर्गत मुकदमा दर्ज़ किया गया। एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही बरतने के दोषी पाए जाने के कारण तत्कालीन थाना प्रभारी को निलंबित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी महंत फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई है। 
 
 
सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने लखनऊ में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं की वारदात को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय अपर पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर मामले की जांच में स्पेशल टास्क फोर्स की भी मदद ली जाए, साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
 
 
 

कोई टिप्पणी नहीं