Breaking News

नमामि गंगे कर्मचारियों ने किया कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन

कानपुर 25 सितम्‍बर 2019 (अनुज तिवारी). चार महीने से वेतन न दिये जाने, समय से ज्यादा काम लिये जाने तथा छुटटी न दिये जाने के साथ अन्य शोषण करने का आरोप लगाते हुए नमामि गंगे प्रोजेक्‍ट के कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट गेट पर आज प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि शिकायत करने वाे जिलाधिकारी के पास जा रहे थे, लेकिन गेट पर ही उन्हें रोक लिया गया।



कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें 6500 रूपये वेतन दिया जाता है, जबकि उनका 8000 रूपये वेतन आता है, बाकी फंड आदि के नाम पर काट लिया जाता है। लेकिन यह नहीं बताया जाता है कि जो पैसा काटा जा रहा वह कब मिलेगा। वहीं कर्मचारियों को चार महीने से वेतन भी नहीं दिया जा रहा और काम भी ज्यादा लिया जा रहा है। सभी का कहना था कि ठेकेदारों द्वारा उन्हें छुटटी भी नहीं दी जाती और जब एक साथी ने इसका विरोध किया तो उससे उसकी वर्दी छीन ली गयी। 

कर्मचारियों ने कहा कि इस बात की शिकायत करने वो लोग जिलाधिकारी के पास जा रहे थे लेकिन गेट पर ही उन्हें रोक लिया गया और अन्दर नहीं जाने दिया तथा उन्हें भगा दिया गया। ऐसे में वह अपनी पीड़ा किसे बतायें। उन्होंने कहा कि यदि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वह सभी कम बंद कर कलेक्टेट गेट के सामने धरना देने को मजबूर होंगे। आज के प्रदर्शन में अनेक महिलायें भी शामिल थीं, उनका कहना था कि उनका शोषण नमामि गंगे का काम देने वाली विशाल प्रोडेक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है।



कोई टिप्पणी नहीं