Breaking News

अल्हागंज - शौच को गया युवक बना मगरमच्छ का शिकार

अल्हागंज 28 मार्च 2018 (अमित वाजपेयी). गांव जेरारहीमपुर निवासी एक ग्रामीण आज उस समय मगरमच्छ का शिकार हो गया जब वह बड़े तालाब के किनारे शौच कर रहा था। मगरमच्छ की लंबाई 15 फिट बताई जाती है, बताते हैं कि मगरमच्छ ने पहले भी तालाब के किनारे चरने वाले भेड़, बकरी, सुअर, तथा कुत्तों का शिकार किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार लाखन का पुत्र सुरेंद्र उम्र लगभग 40 वर्ष रविवार की शाम को गांव के पश्चिम स्थित बड़े तालाब के किनारे शौच करने गया था। पास में ही आराम कर रहे मगरमच्छ को सुरेंद्र नहीं देख पाया इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला करते हुए दबोच लिया और गहरे पानी में खींच ले गया।  जिससे उसकी मौत हो गई। सुरेंद्र के पिता लाखन ने बताया कि रात में जब उसका पुत्र वापस नहीं आया तो उसको तलाश किया गया, इसी दौरान मंगलवार को तालाब में सुरेंद्र की अधखाई लाश तैरती नजर आई।  ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से निकाला गया, इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। बुधवार को मौके पर SDM जलालाबाद डॉ वैभव शर्मा तथा थानाध्यक्ष राजकुमार तिवारी भी पहुंच गए इस घटना से वन विभाग के डीएफओ मनोज खरे को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी के पास मगरमच्छ को पकड़ने के लिए कोई साधन न होने की वजह से उसको पकड़ा नहीं जा सका।  बाद में विभाग के अन्य कर्मचारी पहुंच गए और मगरमच्छ को पकड़ने का उपक्रम जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि 8 वर्ष पूर्व आई रामगंगा नदी की बाढ़ में मगरमच्छ का बच्चा भी पानी में आ गया था। बाढ खत्म होने के बाद मगरमच्छ का बच्चा तालाब में ही रुक गया अब वह पूर्ण व्यस्क है। इसकी लंबाई 15 फिट बताई जाती है, बताते हैं कि मगरमच्छ ने तालाब के किनारे चरने वाले भेड़, बकरी, सुअर, तथा कुत्तों का शिकार किया है।