Breaking News

भू माफिया ने 21 बीघा कृषि भूमि पर किया कब्जा, मुख्यमंत्री से हुई शिकायत बेअसर

अल्हागंज 06 दिसंबर 2017 (अमित वाजपेयी). प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चेतावनी का भू माफियाओं पर कोई असर नहीं हो रहा है। वो गरीबों की भूमि पर अभी भी अवैध कब्जा किए हुए हैं। प्रशासन भी भू माफियाओं को संरक्षण दे रहा है। इसी क्रम में नगर के मोहल्ला पछौआ निवासी  इस्लाम खान पुत्र जंग बहादुर खान कि 21 बीघा कृषि भूमि पर पिछले 6 साल से क्षेत्र के गांव पश्चिम मंझा निवासी रामतीर्थ अवैध कब्जा किए हुए हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद राजस्व विभाग उनकी मदद नहीं कर रहा है।

इस्लाम मेहनत मजदूरी करके किसी प्रकार अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा है उसके सामने आर्थिक संकट विकराल हो गया है। मुख्यमंत्री को दिए गए शिकायत पत्र में इस्लाम खान ने आरोप लगाया है कि उस की कृषि भूमि ग्राम पंचायत जेरापुर के मजरा पहारा में 7/6.500 है जिस पर भूमफिया रामतीर्थ ने अवैध कब्जा कर रखा है जब भी उसने अपने खेत को जोतने की कोशिश की तो रामतीर्थ ने उसको हथियारों के बल पर भगा दिया। इसकी शिकायत भी उसने प्रशासन से की। इस्लाम खान के मुताबिक उसने अपनी 21 बीघा कृषि भूमि की पैमाइश के लिए तहसीलदार को प्रार्थना पत्र दिया था जिस पर उन्होंने 21 जून 2016 को पैमाइश के आदेश कर दिये थे। जिसका खर्चे के रूप में ₹1000 सरकारी खाते में भी जमा कर दिया था। जिस की रसीद भी उसके पास है। उसके बावजूद अब तक राजस्व निरीक्षक प्रेमपाल ने पैमाइश नहीं की है। उसने सुविधा शुल्क के नाम पर ₹6000 भी ले लिए, लेकिन फिर भी पैमाइश नहीं कर रहा है। अगर यही स्थिति रही तो उसका परिवार  भुखमरी का शिकार हो जाएगा। इससे पहले उसने जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, SDM जलालाबाद को भी शिकायत की थी। भुक्तभोगी ने मुख्यमंत्री से भूमफिया से कब्जा मुक्त करा कर उसकी भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की है।

दूसरी तरफ कानूनगो प्रेमपाल का कहना है कि इस्लाम खा का मामला उनके संज्ञान में है। उनको भूमि के बंटवारे के लिए एस डी एम जलालाबाद के यहां आवेदन करना चाहिए था। लेकिन उन्होंने खेत की पैमाईश के लिए आदेश करवाया जो उचित नहीं था। इस्लाम खां का आरोप है कि कानूनगो प्रेमपाल बहानेवाजी करके भूमि विवाद पर कार्यवाही न कर उसे 6 सालों से उलझाते हुए भू माफिया को कब्जा बरकरार रखवाने का प्रयास कर रहे हैं।