Breaking News

अल्हागंज - बस अड्डे की हालत पर नहीं किसी का बस


अल्हागंज 20 जून 2017.  अल्हागंज नगर में स्थित परिवहन निगम के बस स्टेशन की हालत कई वर्षों से खराब है। लोगों के लाख प्रयासों के बावजूद स्टेशन परिसर के दिन बहुरने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार की रात हुई बारिश में वहां पर जलभराव हो गया। इससे यात्रियों को व वहां कार्य करने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी की वजह से परिसर के गड्डों में कई यात्री गिरे और चुटहिल भी हुये।
 

शाहजहाँपुर डिपो, बरेली डि‍पो व कई अन्य डि‍पो से इस समय लगभग 50 से 80 बसें परिवहन निगम की यहां से गुजरती  हैं, लेकिन बस स्टेशन परिसर की दुर्दशा को सुधारने के लिए जिला प्रशासन व परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी सामने नहीं आ रहे हैं। अब तक न तो बस स्टेशन के अंदर  की उंचाई बढाई गई है, न ही पानी की नाले से निकासी का रास्ता ठीक किया गया है। 

जर्जर हालत में पहुंच चुके बस अड्डे पर न तो साफ सफाई रहती है और न ही यहां से लोगों को बसों की जानकारी मिल पाती है। पीने और बैठने के इंतजाम भी ठीक नहीं हैं। शौचालय जर्जर हो गया है। उसमें लगे गेट का कोई पता नहीं है।  उस पे फट्टा तान के काम चलाया जाता है। गंदगी का अंबार लगा है। बस स्टेशन के परिसर में आवारा पशुओं का अड्डा बना हुआ है। आरटीओ द्वारा पकडे गऐ ट्रक भी  इसी परिसर में खडे करा दिये जाते हैं। बिजली विभाग के खंभे भी  काफी दिनों से पड़े हुये हैं। यात्रियों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था न होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पडता है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर जगह शौचालय बनाये जा रहे है। पर यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टेशन के अंदर एक भी  शौचालय परिवहन निगम नहीं बनवा रहा। परिसर में बने शौचालय को देख कर उल्टियाँ आने लगती हैं। कौन सी गाड़ी कब आएगी इसकी जानकारी के लिए कोई समय सारिणी भी  उपलब्ध नहीं है।  बस स्टेशन के अंदर रात में रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं  है। इन सभी असुविधा के चलते ज्यादातर बसें बस स्टेशन के अंदर भी  नहीं जाती। हाईवे पर 2 मिनट रुक कर सवारियाँ भरकर पतली गली से निकल लेती हैं। स्टेशन के दोनों गेटों पर अतिक्रमण है।