Breaking News

कानपुर - ग्‍वालटोली थाने का एसपीओ करा रहा है मकानों पर अवैध कब्जा

कानपुर 20 जून 2017. थाना ग्वालटोली के अहिरानी क्षेत्र में दबंग एसपीओ अशोक यादव उर्फ मोनू ग्वालटोली के चौकी इंचार्ज शिव प्रकाश पाल से मिलीभगत कर क्षेत्र के मकानों में कब्जा करवा रहा है। यह आरोप आज एक प्रेस वार्ता में जनता जन कल्‍याण समिति के अध्‍यक्ष बाल गोविन्‍द तिवारी ने लगाये। उन्‍होंने कहा कि उक्‍त आरोपी वसूली करने, सट्टा लगवाने, गुंडा टैक्स वसूल करने आदि कई अनैतिक और गैर कानूनी कार्यों में लिप्‍त हैं।


समिति के सदस्‍यों ने आरोप लगाया कि थाना ग्वालटोली के चौकी इंचार्ज शिव प्रकाश पाल, एसपीओ अशोक यादव उर्फ मोनू तथा हिस्ट्रीशीटर प्रकाश कालिया की पत्नी ने मिलीभगत कर रूपा यादव का मकान कब्जा कर लिया है। उसका सारा सामान चोरी कर लिया और पुलिस ने रिपोर्ट तक नहीं लिखी। बहुत प्रयास करने तथा अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक समुचित कार्यवाही नहीं की है।

अध्‍यक्ष बाल गोविन्‍द तिवारी ने कहा कि इसके पूर्व क्षेत्र के मनीष यादव के मकान पर एसपीओ अशोक यादव ने कब्जा कर लिया था तथा उसके मामा को मारा पीटा जिससे उसका हाथ टूट गया और आज तक मनीष के मकान पर अशोक यादव का कब्जा है। उक्त अशोक यादव अपने घर पर हमेशा चौकी इंचार्ज तथा कई सिपाहियों को बुलाता है और कई प्रकार के अनैतिक कार्यों का अड्डा बनाए हुए है। जो पुलिस संरक्षण में चलते हैं। प्रेसवार्ता में बाल गोविंद तिवारी, मुख्तार अहमद ,लड्डन सिद्दीकी, शिव चंद्र वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।