Breaking News

गैस चूल्हे से निकली चिंगारी से मकान जला, गृहस्वामी झुलसा

अल्हागंज 07 मार्च 2017. मंगलवार को दोपहर बाद कस्बे के मोहल्ला बगिया में गैस चूल्हे से निकली चिंगारी से एक मकान में आग लग गयी। आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी के हाथ भी बुरी तरह झुलस गऐ। वो दिल्ली में मजदूरी करता है और होली का त्योहार मनाने के लिए घर पर आया था।


गृहस्वामिनी  राजेश्वरी कश्यप ने बताया कि मंगलवार को करीब तीन बजे अपने गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान चूल्हे की नॉब से गैस मिश्रित आग की लपट निकली जो कि उनकी साड़ी में लग गई। जिससे उनकी साड़ी का एक हिस्सा जलने लगा। उन्होंने खुद को  आग से बचाने के लिए साड़ी को उतारकर फैंक दिया। देखते ही देखते साड़ी धू-धू कर जलने लगी, जिसकी चपेट में आकर मकान पर पडा छप्पर भी जलने लगा। आग से मौके पर गेहूं, धान, कपड़े, बिस्तर तथा गेहूँ भण्डारण टंकी के अन्दर रखे दस हजार की नकदी भी जल गई। आग बुझाने के प्रयास में उसके पति उदयवीर कश्यप पुत्र बाबूराम के हाथ भी  झुलस गऐ। गृहस्वामी दिल्ली में मजदूरी करता है। होली का त्योहार मनाने के लिए घर पर आया था।

 
रसोई गैस के उपकरणों का नहीं होता है निरीक्षण -
राजेश्वरी कश्यप बताती हैं कि इसी दो मार्च को गैस बुक कराते समय डेढ़ सौ रुपये की पर्ची काटी गई थी। उक्त धनराशि गैस चूल्हा, सिलेन्डर, रेगुलेटर, पाइप आदि के निरीक्षण एवं मरम्मत हेतु दो वर्ष के शुल्क के रूप में ली गयी थी। लेकिन कोई भी कर्मचारी उपकरणों का निरीक्षण एवं मरम्मत करने नहीं आया। अगर समय पर इसका निरीक्षण व मरम्मत कर दी जाती तो चूल्हे की नाॅब से गैस मिश्रित आग न निकलती और हादसा न हुआ होता।