Breaking News

रायपुर - एक दिन में लगाये 201 RTI आवेदन, नगर निगम कर रहा रहम का निवेदन

छत्तीसगढ़ 30 अगस्‍त 2015 ( जावेद अख्तर). छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आरटीआई एक्टिविस्ट ने नगर निगम रायपुर में एक ही दिन में ताबड़तोड़ 201 आईटीआई आवेदन लगा दिये, जिससे पूरे नगर निगम के कर्मचारियों समेत अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। इस तरह का प्रदेश में यह पहला मामला है जब किसी एक व्यक्ति ने एक साथ इतने आवेदन लगाए हों। आरटीआई कार्यकर्ता कुणाल शुक्ला ने बताया कि उन्होंने नगर निगम में आरटीआई के 201 आवेदन देकर निगम कमिश्नर से लेकर दैनिक वेतनभोगियों से संबंधित जानकारी और दस्तावेज मांगे हैं।

उन्होंने सभी 70 वार्डों से लेकर आठ जोन से संबंधित जानकारियों के अलावा संपत्ति कर, जल कर और निगम की सारे शहरों में फैली हुए संपत्तियों से संबंधित जानकारियों के अलावा कुछ दस्तावेजों की भी मांग की है। देखना यह है कि नगर निगम क्या करता है और कब तक सभी जानकारियां उपलब्ध कराता है ? हालांकि नगर निगम के अधिकारियों को जब यह जानकारी मिली तो सभी अवाक रह गए। अमूमन एक व्यक्ति दो चार या छः तक आवेदन लगाता है मगर कोई भी व्यक्ति एक साथ दो सौ एक आवेदन लगाएगा ऐसा किसी ने कभी सोचा तक नहीं था इसीलिए जिस किसी को भी यह जानकारी हुई वह कुछ देर के लिए आश्चर्य चकित रह गया।