Breaking News

थाने में बलात्कार मामले में सीएम ने दिये जांच के आदेश

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दो सिपाहियों द्वारा थाना परिसर में एक किशोरी के साथ कथित बलात्कार किये जाने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस वारदात पर सख्त रुख अपनाते हुए दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने और राज्य मुख्यालय के किसी वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में मामले की जांच कराने के आदेश दिये हैं।
बदायूं कि पुलिस अधीक्षक (नगर) लल्लन सिंह ने 31 दिसम्बर की रात मूसाझाग थाने में घटी इस वारदात के बारे में आज यहां बताया 14 वर्षीय एक किशोरी अपनी मां के साथ घर पर थी। उसी समय कांस्टेबल वीरपाल सिंह यादव और अवनीश यादव आये और किशोरी का अपहरण कर ले गये। वे उसे थाने ले गये और वहीं उसके साथ कथित रूप से बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के माता पिता ने गुरुवार को शिकायत की, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस वारदात को बेहद गम्भीरता से लिया है और उनके निर्देश पर दोनों सिपाहियों को निलम्बित कर दिया गया है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक अखिलेश ने राज्य मुख्यालय के किसी वरिष्ठ अधिकारी को इस मामले की स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही जांच को प्रभावी बनाने के लिये उससे समन्वय करने तथा आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ गम्भीर विभागीय कार्रवाई करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिये हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही दोनों फरार हैं।