Breaking News

कश्मीर में शीतलहर, करगिल में तापमान -10


जम्‍मू। कश्मीर घाटी और लद्दाख में शीतलहर चल रही है और ज्यादातर जगहों पर रात को तापमान शून्य से नीचे जा रहा है। करगिल में तापमान शून्य से दस डिग्री कम दर्ज किया गया जो इस मौसम में सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने यहां बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से कम 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यहां कल रात का तापमान शून्य से कम 1.1 डिग्री था। श्रीनगर में शुक्रवार को भी यही तापमान था और वह रात मौसम की सबसे सर्द रात के तौर पर दर्ज की गई थी। प्रवक्ता ने बताया कि पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम सालाना अमरनाथ यात्रा के दौरान बेस कैंप की भूमिका निभाता है। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंद में तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां कल रात का तापमान तापमान शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस था। प्रख्यात स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान तापमान शून्य से नीचे 0.1 डिग्री और उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के लेह में तापमान दो डिग्री घट कर शून्य से नीचे 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि करगिल में तापमान शून्य से नीचे 10 डिग्री सेल्यियस रहा। करगिल राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।