Breaking News

एनडीए बन सकती हैं सबसे बड़ी पार्टी : सर्वे

नई दिल्‍ली। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सोलहवीं लोकसभा में 214 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। एनडीटीवी और हंसा रिसर्च ग्रुप के ऑपिनियन पोल के मुताबिक बीजेपी को इस लोकसभा चुनाव में 2009 के मुकाबले भारी बढ़त मिल सकती है।
सर्वे के मुताबिक अब तक के चुनावी राजनीति में बीजेपी सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाली है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहा है बीजेपी की लोकप्रियता बढ़ रही है। एनडीटीवी के फरवरी महीने वाले सर्वे में बीजेपी को 195 सीटें मिलने का अनुमान था। मार्च में यह तस्वीर बदलकर 214 तक पहुंच गई। बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए को 259 सीटें मिल सकती हैं, जो कि साधारण बहुमत 272 से महज 13 सीटें कम हैं। कांग्रेस इस चुनाव में 104 सीटों पर सिमट सकती है। राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। यूनाइडेट प्रोग्रेसिव अलायंस (यूपीए) को महज 123 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है, जो कि 2009 के आम चुनाव से 108 सीटें कम हैं। कांग्रेस देश के चुनावी इतिहास में सबसे बदतर प्रदर्शन कर सकती है। कांग्रेस ने 1999 में 114 सीटों के साथ अब तक के चुनावी इतिहास में सबसे घटिया प्रदर्शन किया था। लेकिन सर्वे के मुताबिक इस बार 1999 से भी बुरी हालत कांग्रेस की हो सकती है। दूसरी तरफ बीजेपी पहली बार 200 सीटों से पार जा सकती है। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बीजेपी का 1999 में 182 सीटों पर जीत अब तक का सबसे बढ़िया प्रदर्शन था।बीजेपी को उत्तर प्रदेश में बंपर कामयाबी मिलने का अनुमान है। 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में बीजेपी 53 पर कब्जा कर सकती है, जो कि 2009 के मुकाबले 43 सीटें ज्यादा हैं। बीजेपी मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी शानदार प्रदर्शन कर सकती है। हिन्दी 'हार्टलैंड' में बीजेपी के सामने सभी पार्टियां बौनी साबित हो सकती हैं।