Breaking News

मप्र: रतनगढ़ देवी मंदिर में भगदड़ में 90 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित रतनगढ़ माता मंदिर परिसर के पास रविवार की सुबह भगदड़ मच गई। हादसे में कम से कम 90 लोगों की मौत की आशंका है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है,क्योंकि भगदड़ के दौरान नदी में कूदे कई सारे लोग अभी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
यह जानकारी सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है। उधर, सरकार ने मृतकों के परिवार जनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। सिंध नदी पर पुल गिरने की अफवाह से मची भगदड़ में सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें दतिया और ग्वालियर ले जाया जा रहा है। ग्वालियर से 50 मेडिकल विशेषज्ञों की टीम दतिया पहुंच गई है।  प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिंध नदी पर बना पुल टूटने की अफवाह के बाद भगदड़ मच गई। लोग पुल के दोनों तरफ बेतहाशा भागने लगे। घबराहट में लोगों ने एक दूसरे को कुचलना शुरू कर दिया। कुछ मिनटों में ही वहां लाशों के ढेर नजर आने लगे थे। उसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसे हालात और ज्यादा खराब हो गए। घटना के बाद जाम में करीब 40-50 हजार लोग फंस गए थे। नाराज श्रद्धालुओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया व एस़डीओ पुलिस की पिटाई भी कर दी। वहां तनाव फैल गया था। यह भगदड़ पुलिस लाठीचार्ज होने के बाद मची। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।