Breaking News

रामा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल पर लगा ताला

कानपुर। लखनपुर कल्याणपुर स्थित रामा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में बुधवार को ताला लगा दिया गया।  2 जनवरी को अस्पताल में मरीजों की भर्ती बंद करने के साथ ही कर्मचारियों को एक महीने की नोटिस दे दी गई थी। हास्पिटल बंद हो जाने पर 215 कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं।
इस कारण कर्मचारियों ने हंगामा भी किया। रामा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल जोर-शोर से 2002 में शुरू हुआ था। लखनपुर स्थित 500 बेड के इस अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती केशव प्रसाद निगम की मंगलवार शाम को छुट्टी होते ही यह वार्ड खाली हो गया था। मरीजों की भर्तियां पहले से बंद थीं। सिर्फ एनआईसीयू में तीन नवजात शिशु भर्ती थे। बुधवार को इनको भी रामा मेडिकल कालेज, मंधना रिफर कर दिया गया और अस्पताल में ताला लगा दिया गया। रामा ग्रुप के प्रबंधक डा. बीएस कुशवाहा ने बताया कि अस्पताल लगातार घाटे में चल रहा था। आर्थिक संकट की वजह से इसे बंद करने का निर्णय लेना पड़ा। स्थितियां सुधरने पर अस्पताल को दोबारा खोलने की कोशिश की जाएगी। तब यहां के कर्मियों को प्राथमिकता पर रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि रामा डेंटल कालेज और मंधना स्थित रामा मेडिकल कालेज में मरीजों का इलाज पूर्ववत हो रहा है।