Breaking News

लंदन में हुई भारतीय मूल की नर्स की मौत

लंदन। एक फर्जी फोन कॉल के जवाब में डचेस ऑफ कैम्ब्रिज की तबीयत के बारे में एक ऑस्ट्रेलियाई रेडियो स्टेशन को जानकारी देने वाली भारतीय मूल की नर्स जैसिंथा लंदन में मृत पाई गई हैं। मालूम हो कि केट मिडलटन गर्भवती हैं और उन्हें सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालांकि गुरुवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दो दिन पहले ऑस्ट्रेलिया के 2 रेडियो जॉकी ने महारानी और प्रिंस चार्ल्स बन कर अस्पताल में फोन किया था। अस्पताल के कर्मचारियों ने समझा कि फोन शाही परिवार से आया है और गर्भवती डचेस ऑफ कैम्ब्रिज की तबीयत के बारे में रेडियो स्टेशन को सारी जानकारी दे दी। ड्यूक और डचेस ऑफ कैम्ब्रिज ने एक बयान जारी कर कहा है कि नर्स जैसिंथा सैल्दान्हा की मौत से उन्हें बहुत दुख हुआ है। किंग एडवर्ड सप्तम अस्पताल ने जैसिंथा की मौत की पुष्टि की है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अस्पताल की तरफ से कहा गया है कि जैसिंथा बहुत बढ़िया नर्स थीं और अपने साथियों के बीच काफी लोकप्रिय थीं और उन्हें खूब सम्मान दिया जाता था। वो शादीशुदा थी और उनके दो बच्चे हैं। ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक जैसिंथा को अस्पताल से न तो निलंबित किया गया और न ही किसी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा। माना जा रहा है कि वो इस पूरे घटनाक्रम के बाद खुद को अकेली महसूस कर रही थीं और असमंजस की स्थिति में थीं। जैसिंथा चार साल से भी ज्यादा समय से इस अस्पताल में काम कर रही थीं। पुलिस इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मान कर जांच कर रही है। वहीं शाही महल के प्रवक्ता का कहना है कि इस घटना के बारे में अस्पताल से कभी कोई शिकायत नहीं की गई। हम इस घटनाक्रम से जुड़ी नर्सों और कर्मचारियों के साथ पूरा समर्थन जताते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं