Breaking News

छेड़छाड़ से आजिज छात्रा ने युवक को धुना, बाइक फूंकी

इलाहाबाद। छेड़छाड़ से आजिज एक छात्रा ने शुक्रवार को दुर्गा का रूप धारण कर युवक को सबक सिखा दिया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एक छात्रा को कटरा का रहने वाला विवेक रोज परेशान करता था। शुक्रवार को कचहरी के पास विवेक ने छात्रा के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। पानी सिर से ऊपर होने पर छात्रा ज्वाला बन गई। उसने चप्पल उतार विवेक को पीटना शुरू कर दिया। सड़क से ईंट उठाकर उसे मारा। छात्रा का रौद्ररूप देख विवेक के होश उड़ गए। वह बाइक छोड़ भाग खड़ा हुआ। घटना से हंगामा मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई।भीड़ के बीच छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए विवेक की बाइक को ईंट से तोड़ा, फिर पेट्रोल छिड़कर उसमें आग लगा दी। भरे बाजार लड़की के बाइक फूंकने से हंगामा मच गया। लोगों ने छात्रा को रोकने की कोशिश, लेकिन वह नहीं मानी। कर्नलगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने विवेक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

सुल्तानपुर की रहने वाली छात्रा शहर के बेली इलाके में रहकर विश्वविद्यालय से बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। पुराना कटरा का रहने वाला विवेक सिंह उर्फ जोंटी रोज उसे परेशान करता था। कॉलेज या फिर घर जाने के दौरान वह छात्रा के पीछे लग जाता। कभी उससे मोबाइल नंबर मांगता तो कभी लेटर देने की कोशिश करता। छात्रा खामोश रहकर काफी दिन सहती रही।

कोई टिप्पणी नहीं