Breaking News

जेल में उडी कांडा की नींद, भूख भी नदारद


नई दिल्ली.एयर होस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में जुडिशियल कस्टडी के तहत जेल पहुंचे गोपाल गोयल कांडा की नींद उड़ गई है और उसे भूख भी नहीं लग रही है। रोहिणी जेल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कांडा जेल की सेल में ठीक से सो नहीं पाया। यही नहीं, उसे भूख भी नहीं लग रही है। पुलिस रिमांड के दौरान जहां कांडा 8 रोटियां खाता था। वहीं, जेल में गुजारी पहली रात में उसने सिर्फ 1 रोटी और आधी कटोरी दाल ही खायी। कांडा हाई ब्लड प्रेशर से भी जूझ रहा है। कांडा को रोहिणी के जेल नंबर 5 में 10 फुट लंबी और 10 फुट चौड़ी अतिसुरक्षित सेल में रखा गया है।

सेल में कांडा की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है। कांडा की सेल से बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने रात के एक बजे तक कांडा को बड़बड़ाते हुए सुना और फिर सुबह 5 बजे उसे जगा हुआ पाया। जेल में कांडा को पहले दिन (मंगलवार को) कोई काम नहीं सौंपा गया। जेल प्रवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि उसके लिए जेल में किसी प्रकार की खास व्यवस्था नहीं की गई है। उसे अन्य कैदियों को मिलने वाली सुविधाएं ही जेल में दी गईं। उसे आम कैदियों की तरह ही जेल का खाना दिया गया। हालांकि उसका बैरक आम कैदियों से अलग है। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को उसने जेल में ब्रेड पकौड़ा और बिस्कुट खाया। सुबह उसके भतीजे और वकील ने जेल आकर उससे मुलाकात की।

कोई टिप्पणी नहीं