Breaking News

अल्हागंज - तालाब की सफाई न होने से बढा है मच्छरों का कहर

अल्हागंज 23 फ़रवरी 2017 (खुलासा TV). अल्हागंज नगर में मच्छरों का कहर इतना बढ़ गया है कि जनता का जीना मुहाल हो गया है। नगर में गन्दे पानी से भरे तालाब की वजह से मच्छरों की भरमार हो गयी है। नगर पंचायत की दवा छिड़कने वाली मशीन का कोई पता नहीं है। जिसके चलते दिन में भी  मच्छर तांडव करते नजर आ रहे हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते साल से ज्यादा इस बार मच्छरों का प्रकोप है। जिसका कारण  तालाब, नालियां और नालों में भरी गंदगी और पानी है। नालियों का कचड़ा निकाल सड़कों पर डाल दिया जाता है और उसे हफ्तों बाद उठाया जाता है। बड़े नालों की वर्षों से सफाई नहीं हुई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बहुत ज्यादा हो गया है। नगर पंचायत की दवा छिड़कने वाली मशीन का भी कोई पता नहीं है। नगर पंचायत में दो फागिंग मशीन थीं, जिसमें बडी मशीन का कोई पता नहीं है और छोटी मशीन फागिंग के दौरान सर्दी में जल गई थी। तब से फागिंग होना बंद हो गया था, जो कि अब तक बन्द है। इस वजह से दिन में भी मच्छर तांडव करते नजर आ रहे हैं, रात में उनका कहर और भी ज्यादा बढ जाता है।

मुख्य कारण है नगर के तालाब की सफाई न होना-
अल्हागंज नगर में एक बडा गन्दा तालाब  है। जिसकी सफाई सदियों से नहीं हुई है। अल्हागंज के सभी वार्डो के लेट्रीनों का गन्दा पानी नालियों द्वारा इस तालाब में आता है और इसी तालाब में ठहर जाता है। क्योंकि इस पानी का निकास नहीं हो पाता है। जिसके कारण मच्छरों ने अपना घर इसी तालाब में बना लिया है। आस पास के रहने वाले लोग इन मच्छरों से सबसे ज्यादा परेशान हैं। 

पिछले वर्ष कई सैकडों हुऐ थे डेंगू के शिकार -  
पिछले वर्ष सैकडों स्‍थानीय लोगो ने डेंगू और मलेरिया का शिकार होकर अपना इलाज बरेली और कानपुर में करवाया था। इस वर्ष डर है कि बढते मच्छरों के कहर से कहीं डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारी पुन: न फैल जाऐ यह सोच कर जनता परेशान है।