Breaking News

जम्मू में जल्द बन सकती है पीडीपी-भाजपा सरकार

नईदिल्ली. जम्मू कश्मीर में भाजपा व पीडीपी के बीच सरकार गठन की बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। दोनों दलों के बीच सरकार चलाने के लिए न्यूनतम साझा कार्यक्रम लगभग तैयार है। मुख्यमंत्री पद पीडीपी व उप मुख्यमंत्री पद भाजपा को देने पर सहमति बन चुकी है।
जल्दी ही पीडीपी के नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, जिसमें दोनों दलों की साझा सरकार की घोषणा की जाएगी। नई सरकार के संसद के बजट सत्र के पहले अस्तित्व में आने की संभावना है। राज्यसभा चुनावों में भाजपा व पीडीपी ने मिलकर चार में से तीन सीटों पर कब्जा किया था। इनमें भाजपा ने एक सीट जीतकर राज्य में पहली बार राज्यसभा का खाता खोला। इसी बीच भाजपा महासचिव राम माधव पीडीपी नेताओं के साथ चर्चा कर न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने में जुटे हुए हैं। इसका 98 फीसदी काम पूरा भी हो चुका है। भाजपा ने संकेत दिए हैं कि अनुच्छेद 370 व आफ्सपा के विवादित मुद्दों पर दोनों दलों का नरम रुख रहेगा। शब्दावली ऐसी रहेगी, जिससे कोई टकराव नहीं होगा। राज्यसभा चुनावों के समय ही दोनों दलों की संयुक्त सरकार बनना तय हो गया था। नेशनल कांफ्रेंस के कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन के साथ ही भाजपा की उसके साथ चल रही बातचीत भी टूट गई थी। इसी बीच दिल्ली के नतीजों के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपना दावा पीछे कर लिया। इस समय उसके लिए जम्मू-कश्मीर में सरकार का गठन ज्यादा जरूरी है।

(IMNB)