Breaking News

गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बाढ़ राहत व बचाव कार्यों पर की समीक्षा

बहराइच (ब्यूरो). मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंगलवार को प्रदेश के मंत्री गन्ना विकास व चीनी मिलें सुरेश राणा ने राज्य मंत्री जल शक्ति उत्तर प्रदेश बलदेव ओलख व प्रमुख सचिव सिंचाई जल संसाधन एवं परती भूमि विकास उत्तर प्रदेश शासन टी. वेंकटेश के साथ विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व विधायक बलहा सरोज सोनकर की मौजूदगी में पुलिस लाईन सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में बाढ़ की स्थिति तथा बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव राहत एवं सहायता प्रदान की जाय। 



श्री राणा ने मुख्य चिकित्साधिकारी से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था तथा क्लोरीन की गोलियों के वितरण आदि की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित ग्रामों के लिए डिप्टी सी.एम.ओ. स्तर के एक अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित कर दें। ताकि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा कर प्रभावित लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को समुचित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाय। राणा ने यह भी निर्देश दिया कि लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते समय कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के बारे में भी अवश्य जागरूक किया जाय तथा सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क के उपयोग का महत्व भी बताया जाय। 


मंत्री श्री राणा ने बैठक के दौरान निर्देश दिया कि सभी बाढ़ प्रभावित ग्रामों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाय जिसमें ग्राम प्रधान व सचिव सहित अन्य विभागों के ग्राम स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों, क्षेत्रीय विधायक व अन्य क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों को जोड़ा जाय। इससे बाढ़ से सम्बन्धित सूचनाओं के आदान प्रदान, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों के संचालन तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण में आसानी होगी। राणा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित बाढ़ चैकियों, शरणालयों, चिकित्सा केन्द्रों को पूरी क्षमता के साथ संचालित किये जाने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किये गये एवं किये जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि बाढ़ राहत कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता एवं उदासीनता न बरती जाये। सभी सम्बन्धित अधिकारी बाढ़़ प्रभावित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित लोगों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं मुहैय्या करायें। 



इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डाॅ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. सुरेश सिंह, उप जिलाधिकारी महसी एस.एन. त्रिपाठी, अधि. अभि. बाढ़ खण्ड शोभित कुशवाहा, अधि.अभि. स.न.ख. प्रथम अशोक कुमार व तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं