Breaking News

उज्‍जैन के महाकाल मंदिर में पकड़ा गया विकास दुबे

उज्जैन (सूरज कश्‍यप). कानपुर के बिकरू में हुए शूटआउट का मुख्य आरोपी विकास दुबे गुरुवार सुबह उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वह महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम उसे पिछले छह दिन से खोज रही थी। दूसरी तरफ पुलिस ने कानपुर के बिकरु कांड के 2 अभियुक्तों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।




ऐसा बताया जा रहा है कि महाकाल मंदिर की सिक्युरिटी टीम ने उसे संदिग्ध जानकर पकड़ लिया था। इसके बाद महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि, यह भी बताया जा रहा है कि विकास दुबे महाकाल मंदिर परिसर में पहुंचा और चिल्लाने लगा कि मैं विकास दुबे हूं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। उधर, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश पुलिस की कस्टडी में है। गिरफ्तारी कैसे हुई, इसके बारे कुछ भी कहना ठीक नहीं है।


विकास को पकड़वाने वाले सिक्योरिटी गार्ड गोपाल सिंह ने बताया कि मैंने शक होने पर उसे पूछताछ के लिए रोका तो वह आनाकानी करने लगा। मुझे और ज्यादा शक हुआ, तो मैंने पुलिस को बुलाया। इस पर उसने मेरे साथ धक्‍कामुक्‍की की। थोड़ी देर में पुलिस आई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की। शिवराज ने विकास को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपने की बात कही है।

वहीं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा है कि सरकार साफ करे कि ये आत्‍मसमर्पण है या गिरफ्तारी. साथ ही उसके मोबाइल की सीडीआर सार्वजनिक की जाये जिससे सच्‍ची मिलीभगत का भंडाफोड़ हो सके.





जानकारी के अनुसार पुलिस ने कानपुर के बिकरु कांड के 2 अभियुक्तों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। इनमें से एक प्रभात मिश्रा है जिसे कल फरीदाबाद पुलिस ने पकड़कर यूपी पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा था। उसे कानपुर के पनकी इलाके में मारा गया है। दूसरे बवन शुल्क को इटावा पुलिस ने मारा है। अब तक पुलिस बिकरु कांड से ज़ुड़े 5 लोगों को इनकाउंटर में मार चुकी है और 2 को गोली मारकर घायल कर चुकी है। पुलिस 3 महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों को जेल भी भेज चुकी है।


कोई टिप्पणी नहीं