Breaking News

CAA हिंसा - मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने कानपुर पहुंचे अखिलेश यादव

कानपुर (गुड्डू सिंह/सूरज कश्‍यप). समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज कानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबूपुरवा इलाके में बीते 20 व 21 दिसंबर को नागरिकता संशोधन काननू के विरोध में हुई हिंसा के दौरान मारे गए तीन युवकों के परिजनों से मुलाकात की। साथ ही परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी। अखिलेश यादव ने कहा कि नागरिकता संशोधन काननू के विरोध में हुई हिंसा में पुलिस की गोली से लोग मारे गए हैं, यह प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। उन्‍होंने सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से मामले की जांच कराने की मांग की। 



अखिलेश के दौरे के मद्देनजर पैरामीलिट्री फोर्स के अलावा तमाम पुलिस के जवान संवेदनशील क्षेत्र बाबूपुरवा में तैनात किए गए हैं। जानकारी के अनुसार अखिलेश ने सबसे पहले मृतक रईस के परिजनों से मुलाकात की, इसके बाद वह दोनों मृतकों के परिजनों से मिले। उधर अखिलेश के दौरे को लेकर कानपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व अद्र्धसैनिक बलों की तैनाती बाबूपुरवा में की गई है। 


अखिलेश ने भाजपा सरकार पर सीएए के नाम देश को बांटने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार धर्म और जाति के नाम लोगों को बांट रही है। सरकार अंग्रेजों के समान बांटो और राज करो की नीति पर है। अखिलेश ने कहा कि दिसंबर माह में भाजपा सरकार के 300 विधायकों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसके तुरंत बाद प्रदेश में हिंसा कराई गई। अब सभी चुप हैं और अपना-अपना अस्तित्व बचाने में जुटे हैं। हिंसा प्रदेश सरकार और अफसरों की नाकामी का उदाहरण है। नोटबंदी, जीएसटी या फिर टेनरी बंदी, प्रदेश और केंद्र सरकार हर जगह नाकाम साबित हुई है। 


बताते चलें कि यहां बाबूपुरवा के ईदगाह मैदान में बीते 20 दिसंबर को सीएए के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा हो गई थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर पथराव हुआ था। प्रदर्शन इतना हिंसक हो गया था कि कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने रबर बुलेट और आंसू गैस के गोले दाग कर स्थित पर काबू पाया था। हिंसा में मुंशीपुरवा के मोहम्मद सैफ, मोहम्मद आफताब और बेगमपुरवा के रईस की जान गई थी। प्रशासन ने यहां 16 प्रदर्शनकारियों को 4.22 लाख की सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई की नोटिस भेजी है। 



कोई टिप्पणी नहीं