Breaking News

दरोगा जी ने लूट मचाई, 35 लाख की खाई मलाई

कानपुर 01 जुलाई 2019 (सूरज वर्मा). आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एक सेवानिवृत्‍त उपनिरीक्षक के खिलाफ थाना काकादेव में बीती 25 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उपनिरीक्षक के खिलाफ 2008 में इसकी शिकायत हुई थी, जिसकी जांच भ्रष्‍टाचार निवारण संगठन की कानपुर शाखा कर रही थी। थाना काकादेव पुलिस ने मामले में FIR संख्‍या 0201 दर्ज कर ली है।


जानकारी के अनुसार भ्रष्‍टाचार निवारण संगठन की कानपुर शाखा के इंस्पेक्टर शम्‍भूनाथ तिवारी ने धारा 13(1)(B) और 13(2) भ्रष्‍टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। तत्‍कालीन एसआईएस कानपुर नगर के प्रभारी दरोगा बलबीर सिंह के खिलाफ 13 मार्च 2008 को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत हुई थी। तब से उसकी जांच चल रही थी।
 
जांच में उपनिरीक्षक बलबीर सिंह पर लगे आरोप सही पाए गए। बलबीर सिंह की जितनी आय रही, उन्‍होंने उससे तकरीबन 35 लाख रूपये ज्यादा संपत्ति अर्जित कर ली थी। उपनिरीक्षक बलबीर सिंह काफी समय तक कानपुर जनपद में तैनात रहे हैं। कई थानों पर उनकी तैनाती रही, तो वर्तमान में वह रिटायर होकर कानपुर कोर्ट में कानून की प्रैक्टिस करते  हैं। काकादेव इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि भ्रष्‍टाचार निवारण संगठन की कानपुर शाखा के इंस्पेक्टर शम्‍भूनाथ तिवारी की तहरीर पर सेवानिवृत्‍त उपनिरीक्षक बलबीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। दरोगा बलबीर सिंह पर आय से 35 लाख 86 हजार 552 रूपये अतिरिक्‍त व्‍यय करने का आरोप है। 

उपनिरीक्षक बलबीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने से स्पष्ट है कि खाकी की आड़ में अवैध तरीके से धन अर्जित करने वालों की संख्‍या दिनों दिन बढ रही है।


कोई टिप्पणी नहीं