Breaking News

पनकी में मिला युवक का खून से लथपथ शव

कानपुर 29 मई 2019 (महेश प्रताप सिंह/गुड्डू सिंह). पनकी थाना क्षेत्र में आज उस समय हड़कंप मच गया जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने पार्क में युवक का खून से लथपथ शव देखा। युवक के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार करते हुये हत्या की गयी थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।


पनकी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया चौकी के पास कांशीराम पार्क में आज एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या की गयी है। सूचना पर पनकी थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को रिबन से कवर कर आला अफसरों को सूचना दी। इसके बाद एसपी पश्चिम और फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की पहचान घाटमपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी पवन पाल (21) पुत्र घसीटे पाल के रूप में की है। एसपी पश्चिम संजीव सुमन ने बताया कि मृतक के परिजनों ने मौके पर पहुँच कर डेड बाडी की पहचान की है। मृतक पल्लेदारी का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। जांच के पश्‍चात उचित कार्यवाही की जायेगी।



कोई टिप्पणी नहीं