Breaking News

महाशिवरात्रि - बम बम भोले के जयकारों से गूंज उठे शिवालय

कानपुर 04 मार्च 2019 (सूरज वर्मा). फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाता है। महाशिवरात्रि का महत्व इसलिए है क्योंकि यह शिव और शक्ति के मिलन की रात है। आध्यात्मिक रूप से इसे प्रकृति और पुरुष के मिलन की रात के रूप में बताया जाता है। शिवभक्त इस दिन व्रत रखकर अपने आराध्य का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मंदिरों में जलाभिषेक का कार्यक्रम दिन भर चलता है।


शहर के सुप्रसिद्ध आनंदेश्वर महादेव मंदिर (परमट) में आज महाशिवरात्रि के मौके पर भोले नाथ के दर्शन के लिए रविवार रात से ही भक्तों की लम्बी कतारें लग गईं। चारों तरफ बम-बम भोले के जयकारों की गूंज है। दूध, बेलपत्र और गंगा जल से बाबा के अभिषेक की तैयारी के लिए पुलिस प्रशासन ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे परिसर में लगभग तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 
आनंदेश्वर मंदिर में रात 12 बजे से भक्तों का आना शुरू हो गया। मंदिर के पट 2 बजे मंगला आरती के बाद भक्तों के लिए खोले गये। महंत रमेश पुरी का कहना है कि यहां पर सफाई का पूरा ध्यान दिया जा रहा है, भक्तों से भी सफाई में सहयोग मांगा जा रहा है। मीडिया प्रभारी अजय पुजारी ने बताया कि रात 2 बजे से खुले पट सोमवार को दोपहर 12 बजे बंद होंगे। लगभग आधा घंटे बाद पट फिर खुलेंगे और देर रात तक दर्शन होते रहेंगे।