Breaking News

गांधी जी से प्रेरित स्वस्थ भारत यात्रा पहुंची कानपुर

कानपुर 02 जनवरी 2019 (महेश प्रताप सिंह). अंग्रेजों के बनाए नमक के काले कानून को तोड़ने के लिए महात्मा गांधी साबरमती से पैदल यात्रा कर दांडी समुद्र तट पहुंचे और अपने हाथों से नमक बनाकर कानून तोड़ दिया। कुछ इसी तर्ज पर रांची से दिल्ली के लिए स्वस्थ भारत यात्रा (लौह यात्रा) का शुभारंभ हुआ है। भारत सरकार द्वारा शुरू इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश को स्वस्थ बनाना है।


गुणवत्ता युक्त भोजन के साथ मिलावट के खिलाफ लोगों में जागरुकता फैलाना है। रायबरेली से होते हुए मंगलवार की शाम यात्रा शहर पहुंची। अपने तीन दिन के प्रवास के दौरान यात्रा में शामिल सदस्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश देंगे।

मोबाइल फूड लैब से होगा प्रदर्शन

यात्रा पर निकली टीम के पास एक मोबाइल फूड लैब है। टीम के सदस्य ग्रीनपार्क, किदवई नगर और काकादेव में लोगों के सामने खाद्य पदार्थो में मिलावटी सामान के परीक्षण का प्रदर्शन करके दिखाएंगे।

अभिहित अधिकारी को सौंपी मशाल

यात्रा के जनपद पहुंचते ही अभिहित अधिकारी विजय प्रताप सिंह को मशाल सौंप दी गई। इसके बाद जनपद में चार दिन के प्रवास के दौरान समस्त कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से कराने की जिम्मेदारी अभिहित अधिकारी पर आ गई। अभिहित अधिकारी ने बताया कि शाम 6 बजे यात्रा सर्किट हाउस पहुंची। यहां सभी सदस्यों का स्वागत किया गया।

यह होंगे आयोजन

2 जनवरी : नानाराव पार्क आंबेडकर द्वार पर प्रभात फेरी का शुभारंभ बड़ा चौराहा, परेड होते हुए ग्रीनपार्क पहुंचेगी। घंटाघर चौराहा, किदवई नगर चौराहा, काकादेव में आम जनमानस के बीच मोबाइल फूड लैब से मिलावटी खाद्य पदार्थो का परीक्षण किया जाएगा।

3 जनवरी : मोबाइल फूड लैब से मंधना, शिवराजपुर, पूरा, और ककवन रोड बिल्हौर तहसील में खाद्य परीक्षण

4 जनवरी : बिल्हौर में शुभम् गेस्ट हाउस, नगर पालिका परिषद, बिजली घर के पास परीक्षण

5 जनवरी-बिल्हौर में यात्रा का विदाई समारोह