Breaking News

जिलाधिकारी ने किया पम्पिंग चैनलों का औचक निरीक्षण

कानपुर 29 दिसम्बर 2018 (महेश प्रताप सिंह). जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत ने शुक्रवार को जाजमऊ स्थित पम्पिंग चैनलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले छबीले पुरवा पम्पिंग चैनल देखा। वहां उपस्थित जल निगम के अभियंता ने बताया कि पम्पिंग चैनल अपनी क्षमता से चल रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि चैनल पूरी क्षमता से चलता रहे इस बात का विशेष ध्यान रहे।


उन्होंने यहां के पम्पिंग चैनल के ओवर फ्लो को भी देखा। उन्होंने छबीले पुरवा में स्थित शहर के सीसामऊ नाला टैपिंग के चैनल को देखा जो सही से कार्य कर रहा था। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने नई बस्ती जाजमऊ स्थित शहर के नाले को देखा जो श्याम नगर केडीए कालोनी आदि शहर के अन्य जगहों का डोमेस्टिक डिस्चार्ज आता है जिसको टैपिंग किया गया है। जिलाधिकारी ने शीतला बाजार पम्पिंग स्टेशन नम्बर 2 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चैनल को चलते पाया। जिलाधिकारी ने दबका नाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने नाले के पानी का सैंपल लेने के निर्देश दिए तथा उसकी जांच हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान पौल्‍यूशन कंट्रोल बोर्ड व जल निगम के अधिकारी उपस्थित थे।