Breaking News

निर्धन समाज पार्टी आफ इंडिया द्वारा नुक्कड़ जनसभा का आयोजन

कानपुर 25 दिसम्बर 2018 (महेश प्रताप सिंह). मंगलवार को केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते गंगा किनारे मलिन बस्तियों को गिराए जाने के विरोध में निर्धन समाज पार्टी आफ इंडिया की नुक्कड़ जनसभा का सरजू पुरवा रानीघाट पुराना कानपुर में आयोजन हुआ।


जनसभा के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेंद्र जादौन ने कहा कि मां गंगा की सफाई के लिए केंद्र सरकार द्वारा अरबों रुपए खर्च कर दिए गए, तब भी गंगा साफ नहीं हो पाई और अब भ्रष्टाचार के पैसे के लिए गंगा किनारे बसे गरीब लोगों को घर से बेघर कर रहे हैं जिसका कड़ा विरोध निर्धन समाज पार्टी करेगी। 


दरअसल पूरा मामला अभी कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री के दौरे के वक्त गंगा सफाई को लेकर कुछ अहम फैसले किए गए थे। जिन फैसलों में यह स्पष्ट कर दिया गया था कि गंगा किनारे बसे अवैध निर्माण को गिराया जायेगा। जिसके चलते सरजू पुरवा के लोगों ने निर्धन समाज पार्टी से मदद की गुहार लगाई। जिसमें निर्धन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश सिंह गौर के दिशा निर्देश पर प्रदेश प्रभारी राकेश तिवारी की अध्यक्षता में नुक्कड़ जनसभा आयोजित की गई। जिसमें भारी संख्या में गंगा किनारे बसे गरीब लोगों ने अपना दर्द बयां किया।

निर्धन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आश्वासन दिया कि अगर घर से बेघर किया जायेगा तो उनको रहने की छत प्रशासन द्वारा मुहैया कराई जायेगी। अगर ऐसा नहीं होता है तो इसका निर्धन समाज पार्टी कड़ा विरोध करेगी। जनसभा में मुख्य तौर से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह जादौन, अनिल त्रिपाठी, सुघर सिंह कुशवाहा, नरेंद्र दीक्षित, कैलाश राजभर, नौशाद अली, श्याम बाबू गुप्ता, डॉक्टर बी.आर शर्मा आदि उपस्थित रहे।