Breaking News

कल्याणपुर में स्वच्छता अभियान को मुंह चिढाता है कूड़े का ढेर

कानपुर 04 नवम्बर 2018 (महेश प्रताप सिंह). कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 54 आवास विकास सत्यम बिहार के पुराना केसा सबस्टेशन के बगल में पड़ा कूड़े का ढेर लोगों के लिये परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क तक पसरा कूड़ा संक्रामक बीमारियों को दावत दे रहा है।


यहां कूड़े की बदबू से लोगों का राह चलना मुसीबत बन गया है। कूड़े की वजह से आवारा जानवर वहां मडराते रहते हैं। जिससे वहां दुर्घटना का डर बना रहता है। क्षेत्रीय निवासी अंकित चौधरी ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कूड़ा नहीं उठाया गया। नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की तो उन्होंने कूड़ा उठवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। सरकार द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छता अभियान को उन्हीं के कर्मचारी चूना लगाने में लगे हुए हैं।