Breaking News

सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया रेवली - आदमपुर तटबन्ध का निरीक्षण

बहराइच 10 सितम्बर 2018. उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने रेवली-आदमपुर तटबन्ध के आदमपुर के निकट तटबन्ध का निरीक्षण और तटबन्ध की सुरक्षा की दृष्टि से कराये गये अनुरक्षण कार्य का जायज़ा लिया। उन्होंने तटबन्ध के अनुरक्षण के लिए कराये गये कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यों की सराहना की। 


तटबन्ध के निरीक्षण के दौरान मंत्री द्वारा उप जिलाधिकारी कैसरगंज पंकज कुमार से बाढ़ के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर कुमार ने बताया कि जनपद बहराइच मुख्यतः उत्तर एवं पश्चिम में क्रमशः सरयू एवं घाघरा नदी से घिरा हुआ है। जनपद-बहराइच में बाढ़ मुख्यतः इन्हीं दो नदियों के कारण आती है। जनपद बहराइच को बाढ़ की विभीषिका से बचाने के लिए घाघरा तथा सरयू नदी पर बेलहा-बेहरौली तटबन्ध (कि.मी.95.00) एवं रेवली आदमपुर तटबन्ध (कि.मी. 15.500) निर्मित है। बेलहा-बेहरौली तटबन्ध से जनपद-बहराइच की 03 तहसीलों (नानपारा, महसी एवं कैसरगंज) की लगभग 2,55,000 आबादी तथा 1.44 लाख हेक्टेयर भू-भाग की सुरक्षा होती है। एसडीएम कैसरगंज ने बताया कि इसी प्रकार रेवली-आदमपुर तटबन्ध से जनपद-बहराइच की कैसरगंज तहसील एवं जनपद गोण्डा के करनैलगंज तहसील की लगभग 143000 आबादी एवं 32850 हेक्टेयर भू-भाग की सुरक्षा होती है। दोनों तटबन्ध अतिसंवेदनशील हैं। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में आई बाढ़ से पूर्व दोनों तटबन्धों की मरम्मत के कार्य समयान्तर्गत पूर्ण करा लिये गये थे तथा बाढ़ के दौरान बाढ़ बचाव कार्य कराकर तटबन्ध को पूर्णतया सुरक्षित रखा गया है तथा तटबन्धों की सत्त निगरानी की जा रही है और ये दोनों तटबन्ध सुरक्षित हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियन्ता सिंचाई बी.के निरंजन ने बताया कि बेलहा-बेहरौली तटबन्ध के कि.मी. 51.100, 52.050, 53.000 पर 03 अदद् स्पर निर्माण की परियोजना लागत रू. 21.11 करोड़ स्थायी संचालन समिति की विशेष बैठक 14 अप्रैल 2018 को स्वीकृति के उपरान्त गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग लखनऊ के समक्ष विचाराधीन है। 

सिंचाई मंत्री धर्मपाल ने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ व कटान के कारण हुई क्षति का सर्वे कराकर तद्नुसार पीड़ित व्यक्तियों को सरकार द्वारा अनुमन्य सहायता उपलब्ध करायी जाय। तटबन्ध के निरीक्षण के दौरान सिंचाई मंत्री ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस इवसर पर मुख्य अभियन्ता सिंचाई बी.के निरंजन, अधीक्षण अभियन्ता नियाज़ अहमद, उप जिलाधिकारी कैसरगंज पंकज कुमार, अधि.अभि. ड्रेनेज खण्ड शोभित कुशवाहा, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के प्रतिनिधि गौरव वर्मा, भाजपा पदाधिकारी परशुराम कुशवाहा, संचित सिंह, सुवेध वर्मा व अन्य गणमान्य, ड्रेनेज खण्ड के सहायक अभियन्ता आर.के. सिंह, अवर अभियन्ता मोहित व अजय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे