Breaking News

बाढ़ एवं वर्षा से ग्रामीण परेशान,नहीं मिल रहा समाधान

अल्हागंज 07 सितम्बर 2018 (अमित वाजपेयी).  क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा तथा बाढ़ से ग्रामीणों के सामने आवागमन की वृहद समस्या पैदा हो गई है। धान, तिल, उड़द, मक्का की फसलों का भी काफी नुकसान हुआ है, बाढ़ का पानी खेतों में भरे होने की वजह से जानवरों को हरा चारा नहीं मिल पा रहा है। काश्तकारों के द्वारा भंडारण किया गया भूसा भी भीग कर खराब हो गया है।


इलाकाई लोगों के अनुसार पानी में जानवरों के लगातार  रहने से उनके पैर काम नहीं कर रहे हैं, नमी की वजह से जानवर बुखार से पीड़ित हैं तथा लंगड़ाने लगे हैं। क्षेत्र में गलाघोंटू तथा खुर पका जैसे लक्षण अभी जानवरों में नहीं पाए गए हैं। कस्बे के सरकारी जानवरों के अस्पताल में पिछले 1 वर्ष से कोई डॉक्टर नहीं है तथा फार्मासिस्ट भी नहीं है। जानवरों की चिकित्सा का कार्यभार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के ऊपर है। यहां कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मलखान सिंह बताते हैं की गलाघोंटू रोग की वैक्सीन के इंजेक्शन क्षेत्र के जानवरों के लगा दिए गए हैं, खुरपका की वैक्सीन अक्टूबर माह में आएगी। जानवरों में नमी की वजह से बुखार तथा उनके लंगड़ाने के लक्षण पाए जा रहे हैं।