Breaking News

कानपुर में दिनदहाड़े हुई महिला की हत्या, क्षेत्र में मचा हड़कंप

कानपुर 13 अगस्त 2018 (महेश प्रताप सिंह). शहर में सीएम योगी आदित्यनाथ व अन्य मंत्रियों की मौजूदगी के बाद भी अपराधी बेखौफ रहे। जिसकी बानगी आज बर्रा इलाके में देखने को मिली, जहां पर घर में अकेली महिला की हथौड़े व लोहे की रॉड से निर्मम हत्या कर दी गयी। सूचना पर पहुंची फॉरेसिंक टीम व पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार बर्रा थाना क्षेत्र के सी ब्लाक विश्व बैंक निवासी संजय ऑर्डिनेंस कर्मी है और उसके घर में पत्नी पुष्पा व दो बेटियां है। सोमवार को संजय की पत्नी पुष्पा की अज्ञात हत्यारों ने घर के अंदर निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गये। घर का समान बिखरा होने के चलते पुलिस लूट का विरोध करने पर हत्या की आशंका जता रही है। 

बताया जाता है कि आज सुबह संजय ऑर्डिनेंस फैक्ट्री गया हुआ था। वहीं दोनो बेटियां स्कूल गयी हुई थीं और पुष्पा घर पर अकेली थी। तभी दोपहर को पुष्पा से मिलने उसकी माँ घर पहुंची तो घर का मेनगेट हल्का खुला हुआ था। पुष्पा को आवाज देने के बाद वो अंदर कमरे में जा पहुंची और कमरे में फर्श में पड़ा खून से लथपथ पुष्पा का शव देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। वहीं स्कूल से लौटी बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे सीओ गोविंदनगर व बर्रा पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।