Breaking News

मानव तस्करी : 39 नेपाली लड़कियों को दिल्ली के एक होटल से छुड़ाया गया

नयी दिल्ली 01 अगस्‍त 2018 (भाषा). दिल्ली महिला आयोग और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने पहाड़गंज के एक होटल से आज सुबह कम से कम 39 नेपाली लड़कियों को मुक्त कराया। महिला आयोग के मुताबिक मानव तस्करी रोधी अभियान देर रात एक बजे से शुरू होकर सुबह छह बजे तक चला। महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्विटर पर इस अभियान की जानकारी दी।


महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया कि आयोग को गुप्त सूचना मिली और पहाड़गंज के होटल ‘ह्रदय इन’ से 39 नेपाली लड़कियों को छुड़ाया गया। रात भर छापे मारी चली और दिल्ली पुलिस ने इसमें सहयोग किया। पूरे होटल में बस नेपाल से लाई गईं लड़कियां थी, जिन्हें खाड़ी देशों में भेजा जाना था। मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ।  25 जुलाई के बाद से यह तीसरा ऐसा अभियान है।