Breaking News

अल्हागंज - अधूरी पाइप लाइनों से नगर वासियों की कैसे बुझेगी प्यास ??

अल्हागंज 11 मई 2018 (अमित वाजपेयी). कस्बे में 25 वर्ष पूर्व  जल निगम द्वारा बिछाई गई आधी अधूरी पाइपलाइन से नगर वासियों की प्यास बुझाने का असफल प्रयास नगर पंचायत द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान नगर की आबादी डेढ़ गुना बढ़ गई है इसके बावजूद पाइप लाइन का विस्तार नहीं किया गया है। जिसके परिणाम स्वरुप करीब 3 वार्डों में आधी आबादी तक ही पाइप लाइन बिछाई गई है। 



शेष आबादी पेयजल के लिए तरस रही है। वर्तमान में वार्ड दखिनौआ कि 10 गलियों में तथा वार्ड बगिया प्रथम की तीन गलियों के साथ-साथ कंजर बस्ती एवं वार्ड पीरगंज प्रथम  के करीब चार गलियों में पाइप लाइन अभी तक नहीं बिछाई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे में नगर पंचायत के द्वारा 1990 के करीब जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी। जिसमें 900 किलो लीटर क्षमता वाली ओवरहेड टैंक भी बनाया गया था। अब तक 700 कनेक्शन जलापूर्ति के लिए जनता द्वारा लिए जा चुके हैं। समय व्यतीत होने के साथ-साथ करीब दो दर्जन स्टैंड पोस्ट नल भी लगाए गए थे। जो अब पूर्णतया  नदारत है। पहले 9 वार्ड  थे जो अब बढ़कर 11 हो गए हैं। करीब 15000 की आबादी यहां की हो गई है। वार्डों के विस्तार तथा बढ़ती आबादी के मद्देनजर रखते हुए पाइप लाइन का विस्तार नहीं किया गया है। जलापूर्ति के बढ़ते लोड की वजह से पूरी क्षमता के साथ लोगों को जल नहीं मिल पा रहा है।

*वार्ड दखिनौआ सदस्य कमलेश शर्मा के पति अरुण शर्मा (पूर्व सभासद)  बताते हैं कि पूर्व चेयरमैन सगीर अहमद के समय बाईपास मार्ग पर  सड़क निर्माण के दौरान  बिछाई गई पाइप लाइन डैमेज हो गई थी। तब से इस पाइप लाइन को नहीं बनवाया गया। इस वार्ड की दस गलियों में पाइपलाइन अभी भी नहीं बिछी हैं। जबकि वार्ड का काफी विस्तार हो चुका है।*

*वार्ड बगिया प्रथम के सभासद विनोद कुमार का कहना है कि उनके वार्ड की कंजर बस्ती के साथ-साथ तीन गलियों में भी पाइप लाइन का विस्तार नहीं हुआ है।*

*वार्ड पीरगंज प्रथम की सदस्य पति नवीशेर का कहना है कि इस वार्ड की नई बस्ती के साथ-साथ तीन गलियों में भी पाइपलाइन अभी नहीं बिछी है*

विस्तार हुए तीन वार्डों में शीघ्र बिछेगी पाइप लाइन प्रस्ताव पास -
नगर पंचायत चेयरमैन राजेश वर्मा बताते हैं कि उनको चेयरमैन बने अभी 6 माह हुए हैं लेकिन अधूरी पाइप लाइन के बारे में पूरी जानकारी है। वार्ड पीरगंज व दखिनौआ तथा बगिया पीरगंज वार्ड के कुछ हिस्सों में पाइपलाइन नहीं बिछी है पाइप लाइन बिछाने के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास कर दिया गया है। शीघ्र पाइप लाइन बिछाई जाएगी चेयरमैन के मुताबिक पेयजल सभी को सुलभ कराने के लिए कस्बे में 5 वाटर कूलर स्टैंड पोस्ट बनवाने के लिए टेंडर पास हो चुका है एक नया ट्यूबवेल और बनवाया जा रहा है कार्य प्रगति पर है 70 इंडिया मार्क हैंड पंप लगे हुए हैं जिसमें 90% हैंडपंप चालू हालत में है।  5% हैंड पंप रिबोर पर हैं तथा इतने ही प्रतिशत हैंडपंप खराब है जिन्हें ठीक करा दिया जाएगा। दो ऑपरेटर भी कार्य कर रहे हैं। लगभग 700 कनेक्शन हो चुके हैं।