Breaking News

कानपुर - पनकी में A2Z प्‍लांट का क्षेत्रीय लोगों ने किया घेराव

कानपुर 27 अप्रैल 2018 (महेश प्रताप सिंह/योगेश कुमार). पनकी थाना क्षेत्र स्थिति ए टू जेड प्‍लांट में कई दिनों से कूड़े में लगी आग के कारण पूरे क्षेत्र में जान लेवा धुआं फैल रहा है। धुयें के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। जिसके रोकथाम के लिये विकास मोर्चा और क्षेत्रीय जनता ने गुरुवार को ए टू जेड का घेराव कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे पनकी थानाध्यक्ष एवं एसीएम सप्तम के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।

आज पनकी बाईपास में स्थित ए टू जेड प्लांट पर लगातार हो रही प्रदूषण की समस्या को लेकर ए टू जेड के गेट पर धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में क्षेत्रीय जनता और विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन चौहान, उमेश भार्गव, राहुल दुबे, सौरभ सिंह, शालिनी सिंह, मोहित कुमार, राज कनौजिया, उत्कर्ष दीक्षित, ईशु अवस्थी, महेंद्र कुमार और बदलापुर गांव की महिलाएं उपस्थित रही। प्रदर्शन कर रहे लोगों को एसीएम सप्तम पी.सी.श्रीवास्तव एवं थानाध्यक्ष पनकी ललित मणि त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के अंदर समस्या को जड़ से समाप्त कर दिया जायेगा। उच्च अधिकारियों की वार्ता से संतुष्ट होकर विकास मोर्चा के संस्थापक विनोद शुक्ला ने कहा कि 24 घंटे में समस्या का समाधान ना होने पर प्रदूषण पर लगाओ लगाम नहीं तो होगा चक्का जाम के नारे के साथ सभी को शांत कराया।