Breaking News

कानपुर - पनकी थाना क्षेत्र में मिला अज्ञात युवक का शव

कानपुर 26 फरवरी 2018 (महेश प्रताप सिंह/योगेश कुमार). पनकी थानाक्षेत्र में युवक का शव मिलने से आज सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और फारेंसिक ने साक्ष्य जुटाये। मौके से नशीले इंजेक्शन मिलने से माना जा रहा है कि मृतक नशे का लती था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पनकी थानाध्यक्ष ललित मणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पायी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही जानकारी हो पायेगी।



जानकारी के अनुसार पनकी के गंगागंज बंधे के पास सोमवार को क्षेत्रीय लोगों ने झाड़ियों के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। शव से काफी बदबू आ रही थी। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना पनकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पनकी थाने की पुलिस ने जांच कर मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शव कई दिनों पुराना होने के चलते पुलिस ने फारेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम के साथ तफ्तीश करते हुए साक्ष्य जुटाये। फारेंसिक टीम के मुताबिक शव के आसपास नशीले व प्रतिबंधित इंजेक्शन मिले हैं। इससे माना जा रहा है कि मृतक नशे का आदी था और अधिक डोज लगने से उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पनकी थानाध्यक्ष ललित मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद सही जानकारी हो पायेगी।