Breaking News

महंगा पड़ा नशेबाजी का विरोध, भाई ने भाई को मार दी गोली

कानपुर 27 जनवरी 2018 (महेश प्रताप सिंह एवं अनुज तिवारी). सचेंडी थाना क्षेत्र के भैरमपुर में हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामलीला का आयोजन होता है। इस बार की रामलीला में नशेबाजी को ले कर गोली चल गयी, जिसमें एक पूर्व प्रधान घायल हो गया। गोली चलाने वाला पूर्व प्रधान का सगा भाई बताया जा रहा है।



सूत्रों के अनुसार भैरमपुर में रामलीला का आयोजन तत्‍कालीन ग्राम प्रधान के द्वारा किया जाता है। विगत वर्षों की भांति शुक्रवार को भी रामलीला का आयोजन वर्तमान ग्राम प्रधान शिखा तिवारी पत्नी श्याम तिवारी ने किया था। रात में रामलीला के दौरान विजय सिंह यादव ने लगभग बीस से पच्चीस हजार रूपये कलाकारों को इनाम में दे डाले। शनिवार सुबह घर के बाहर बैठकर शराब पी रहा था तभी विजय का छोटा भाई पूर्व प्रधान विनय सिंह ने विजय को घर जाकर सोने के लिए कहा और नशेबाजी का विरोध किया। जिससे बौखलाए विजय ने विनय पर कट्टे से गोली चला दी। गोली विनय के बाएं कंधे को चीरती हुई निकल गयी।

घायल विनय को परिजन सचेंडी स्थित कन्हैया लाल हॉस्पिटल ले गये और सरिया लग जाने की बात कहकर इलाज शुरु करा दिया। जैसे ही हास्पिटल कर्मियों को गोली लगी होने का आभास हुआ तो हास्पिटलकर्मी ने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो परिजन विनय को लेकर किसी दूसरे अस्पताल चले गये। सचेंडी पुलिस ने बताया मामला सगे भाइयों का है, किसी ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर सख्‍त कार्यवाही की जायेगी।