Breaking News

मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में AIRA ने कराया खिचड़ी वितरण

कानपुर 15 जनवरी 2018. आल इण्डियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन (आईरा एसोसिएशन) एवं दैनिक पब्लिक स्‍टेटमेन्‍ट के संयुक्‍त तत्‍वाधान में आज घंटाघर चौराहे पर स्थित भारत माता प्रतिमा के पास भव्‍य खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ आईरा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री पुनीत निगम जी ने किया।

श्री निगम ने मकर संक्रांती के बारे में बताते हुये कहा कि हिन्दू पंचांग के अनुसार पौष माह के शुक्ल पक्ष में मकर संक्रांति पर्व मनाया जाता है। मकर संक्रांति पूरे भारतवर्ष और नेपाल में मुख्य फसल कटाई के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। हरियाणा और पंजाब में इसे लोहड़ी के रूप में एक दिन पूर्व 13 जनवरी को मनाया जाता है। इस दिन उत्सव के रूप में स्नान, दान किया जाता है, तिल और गुड के पकवान बांटे जाते है, और पतंग भी उड़ायी जाती है।

इस अवसर पर आईरा के राष्‍ट्रीय संगठन मंत्री योगेन्‍द्र अग्निहोत्री, प्रदेश संगठन मंत्री मोहम्‍मद नदीम, मण्‍डल अध्‍यक्ष गोपाल गुप्‍ता, मण्‍डल संगठन मंत्री विकास अवस्‍थी, जिलाध्‍यक्ष आशीष त्रिपाठी, जिला महा मंत्री दिग्विजय सिंह आदि वक्‍ताओं ने बताया कि मकर संक्रांति पर्व मुख्यतः सूर्य पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करता है। एक राशि को छोड़ के दूसरे में प्रवेश करने की सूर्य की इस विस्थापन क्रिया को संक्रांति कहते है, चूँकि सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है इसलिए इस समय को मकर संक्रांति कहा जाता है।



कार्यक्रम शुरू करने से पूर्व सभी आईरा सदस्‍यों ने भारत माता की मूर्ती का माल्‍यापर्ण किया अौर उसके पश्‍चात गरीबों में खिचड़ी वितरित कर कार्यक्रम का शुभारम्‍भ किया। आज के कार्यक्रम में तकरीबन 5 हजार लोगों ने खिचड़ी का भोग लगाया। चूंकि आज ही आईरा के जिलाध्‍यक्ष आशीष त्रिपाठी का जन्‍मदिन भी था तो सभी सदस्‍यों ने उनको शुभकामनायें दीं और केक कटवा कर उनका जन्‍मदिन भी धूमधाम से सेलीब्रेट किया।


बताते चलें कि बीती 14 जनवरी को भी आईरा प्रदेश प्रवक्‍ता डा. विपिन शुक्‍ला के सौजन्‍य से बी.के इलेक्‍ट्रिकल के सामने गीता नगर में विराट खिचड़ी भोज का अायोजन किया गया था। इसमें आईरा सदस्‍य बी.के मौर्या जी का योगदान सराहनीय रहा था।  आईरा संगठन द्वारा अपनी स्‍थापना के समय से ही लगातार हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी भोज का कार्यक्रम किया जा है। आईरा संस्‍था अपने सामाजिक दायित्‍वों का बखूबी निर्वहन करती है और पत्रकारों के हित के लिये सदैव तत्‍परता के कार्य करने हेतु पूरे भारत में विशेष रूप से पहचानी जाती है।