Breaking News

कानपुर - सीएम योगी ने किया बिठूर गंगा उत्सव का उद्घाटन

कानपुर 20 दिसम्बर 2017. बिठूर गंगा उत्सव का आगाज आज ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी बिठूर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में 1857 की क्रांति, शौर्य और गंगा तटीय संस्कृति की थीम दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने 15 सितंबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के श्रीगणेश कार्यक्रम में गंगा महोत्सव कराने की घोषणा की थी। जिला प्रशासन 20 से 24 दिसंबर तक गंगा महोत्सव का आयोजन बिठूर के नानाराव पार्क में कर रहा है। 


महोत्सव में सुप्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौड़वाल और गायक हरिहरन आ रहे हैं। महोत्सव में कव्वाली, कवि सम्मेलन समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कृषि प्रदर्शनी, विंटेज कार रैली और फूड मेला भी लगेगा।

कानपुर बिठूर नानाराव पार्क को भगवा रंग में रंग दिया गया है। पंडाल, बांस-बल्ली और पेड़ पर भी भगवा रंग के कपड़े से सजा दिए गए हैं। मंच का परदा भी भगवा रंग का कर दिया गया है। पंडाल में डाली गई कुर्सियों का रंग भी भगवा है। पेड़ों पर डाली गई बिजली की झालर भी भगवा रंग दे रही है। रानी लक्ष्मीबाई और तात्याटोपे की मूर्तियों को पेंट कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने पत्थर घाट पर गंगा पूजन किया। पहले गंगा आरती का कार्यक्रम प्रस्तावित था। आरती शाम छह बजे होती है, इसलिए आरती की बजाय गंगा पूजन का कार्यक्रम बनाया गया। गंगा पूजन के मद्देनजर प्रशासन ने पत्थर घाट तक गंगा जल पहुंचा दिया। सोमवार रात में गंगा बैराज का फाटक बंद कराकर बिठूर की तरफ पानी बढ़ाया गया। इससे गंगा जल पत्थर घाट तक पहुंच गया।

(कानपुर से महेश प्रताप सिंह एवं योगेश कुमार उर्फ मनमन की रिपोर्ट)