Breaking News

अभद्र टिप्‍पणी करने पर महिलाओं ने एलआईयू कर्मी को पीटा

कानपुर 01 नवम्‍बर 2017 (सूरज वर्मा). महिला पर अभद्र टिप्‍पणी करना एलआईयू कर्मी को आज उस समय महंगा पड़ गया जब महिलाओं ने एकता का परिचय देते हुये उसकी जम कर कुटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को जैसे तैसे छुड़ा कर वहां से भगा दिया। नगर निगम अधिकारियों और पुलिस वालों के काफी समझाने पर किसी प्रकार माहौल शान्‍त हुआ।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार उर्वशी महिला कल्‍याण सेवा समिति की सदस्‍य महिलायें आज नगर निगम में शौचालय बनवाने की मांग को लेकर धरना प्रर्दशन कर रही थीं। तभी वहां मौजूद एलआईयू में कार्यरत सिपाही ने एक महिला पर कुछ अभद्र टिप्‍पणी कर दी। महिला के शोर मचाने पर सभी महिलाओं ने एकता का परिचय देते हुये उषा देवी, प्रीती वर्मा, पिंकी वर्मा आदि के नेतृत्‍व में आरोपी सिपाही की जम कर कुटाई कर दी। इस शोर शराबे से नगर निगम परिसर में हड़कम्‍प मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी के खिलाफ कोई कानूनी कार्यवाही करने के बजाये उसको जैसे-तैसे महिलाओं के चंगुल से छुड़ा कर वहां से भगा दिया। 

प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार एक दरोगा जी ने जब अपने सहकर्मी का पक्ष लेते हुये महिलाओं को धारा 144 का हवाला दिया और मुकदमा लिखवाने एवं हवालात में बंद करने धमकी दी तो महिलायें उल्‍टा दरोगा जी पर हावी हो गयीं और वहीं धरने पर बैठने की तैयारी करने लगीं। इसके पश्‍चात नगर निगम अधिकारियों और पुलिस वालों के काफी समझाने पर किसी प्रकार माहौल शान्‍त हुआ।