Breaking News

मामूली विवाद में प्राइवेट कंपनी के गार्ड ने युवक को गोली मारी

कानपुर 05 नवंबर 2017 (विशाल तिवारी). जिस तरह से कानपुर में अपराधों की संख्या में इजाफा हो रहा है और दबंगों के हौसले बुलंद है उसमें कहीं ना कहीं पुलिस की लापरवाही साफ उजागर होती नजर आती है। ताजा मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गौतम विहार का है।


जानकारी के अनुसार यहां आज सुबह करीबन १० बजे मामूली विवाद को लेकर शुद्ध प्लस कंपनी में गार्ड के पद पर तैनात संजय मिश्रा ने अपने पड़ोसी अश्विनी पर गोली चला दी। अश्विनी के झुक जाने की वजह से गोली पास में खड़े शुभम को जा लगी। परिजनों ने बताया की शुभम के पिता राम सिंह यादव वर्तमान में उन्नाव की आसीवन चौकी में चौकी इंचार्ज के पद पर तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार गार्ड संजय मिश्रा की पड़ोस के अश्विनी से पिछले 3 दिनों से किसी बात को लेकर कहासुनी चल रही थी। जिसके बाद आज सुबह गार्ड ने गुस्से में आकर अश्विनी पर रिवाल्वर से फायर कर दिया, लेकिन अश्विनी के झुक जाने की वजह से गोली वहाँ पास ही खड़े शुभम यादव के दाहिने पैर के घुटने में जा धंसी। गोली लगने के बाद युवक मौके पर ही गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गार्ड को गिरफ्तार कर लिया और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। फ़िलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने खुलासा टीवी को बताया की गार्ड संजय मिश्रा को हिरासत में ले लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल रिवाल्वर को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।