Breaking News

मुख्यमंत्री द्वारा कवर्धा में बोनस तिहार पर दी गई डबल सौगात

कवर्धा 09 अक्टूबर 2017 (जावेद अख्तर). मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को अपने गृह क्षेत्र कवर्धा में आयोजित बोनस तिहार के अवसर पर उपस्थित हुए और मंच से क्षेत्रवासियों का अभिनंदन करते हुए जिले को विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं के विकास कार्य को गतिशीलता प्रदान करते हुए लगभग 114 करोड़ 45 लाख रूपए के 47 विभिन्न निर्माण कार्यों की घोषणा कर खास सौगातें दी।



मुख्यमंत्री ने 16 करोड़ 22 लाख रूपए के 16 पू‌र्ण कार्यों का लोकार्पण व 98 करोड़ 23 लाख रूपए के 31 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। तो वहीं बोनस तिहार पर भारतीय जनता युवा मोर्चा पंडरिया द्वारा विशाल रैली निकालकर सरकार के धान बोनस पर हार्दिक खुशी व्यक्त की है। 

मुख्यमंत्री ने कहा - 
मुख्यमंत्री ने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कवर्धा ने विगत तेरह सालों में काफी विकास किया, गांवों तक पक्की पहुंच सड़क मार्ग, स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आमोद प्रमोद के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्क एवं धान संग्रहण केंद्रों का निर्माण किया गया। कवर्धा के विकास में आमजन की भागीदारी ने सरकार को स्थिरता और सुदृढ़ता प्रदान करने के साथ ही विश्वास को मजबूत किया जिसके चलते ही सरकार विकास कार्यों को पूरा करने में सफल हुई है। 

बोनस तिहार में किसानों को मिली राशि - 
मुख्यमंत्री ने बोनस तिहार में कबीरधाम जिले के 50 हजार से ज्यादा किसानों को 69 करोड़ 76 लाख रूपए के धान बोनस और गन्ना उत्पादक किसानों को 13 करोड़ रूपए के गन्ने के बोनस का भी वितरण किया।

लोकार्पण किया गया - 
मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित निर्माण कार्यों में में पंडरिया के आईटीआई छात्रावास भवन, कवर्धा में निर्मित 100 सीटों के अनुसूचित जाति बालक छात्रावास भवन, ग्राम खड़ौदा कला, सरईसेत और पवरजली के हाई स्कूल भवन, ग्राम गुढ़ा के हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन, सहसपुर लोहारा के विकासखंड शिक्षा कार्यालय भवन, पंडरिया मार्ग पर सकरी नदी में चार करोड़ की लागत से निर्मित पुल भी शामिल हैं।

शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया - 
उन्होंने जिन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया, उनके अनेक हायर सेकेण्डरी और हाई स्कूल भवन, आदिवासी छात्रावास भवन, कई सड़क निर्माण आदि के कार्य भी शामिल हैं।

ये रहे उपस्थित - 
मुख्यमंत्री के साथ कवर्धा के बोनस तिहार में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, लोकसभा सांसद अभिषेक सिंह, संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी, विधायक अशोक साहू सहित डॉ. अनिल जैन और विभिन्न संस्थाओं के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में किसान उपस्थित थे।