Breaking News

क्षेत्रीय समस्याओं के निवारण हेतु चलाया हस्ताक्षर अभियान

कानपुर 30 मार्च 2017 (आदर्श शुक्ला). भले ही सरकार बदल गई हो लेकिन स्‍थानीय स्‍तर पर आज भी बहुत कुछ बदलना बाकी है, कई समस्याओं का समाधान होना बाकी है। इन्‍हीं समस्याओं के निवारण के लिए आज नवयुवक विकास शिक्षा समिति (उत्तर प्रदेश) की ओर से हस्ताक्षर अभियान चला कर लोगों को जागरुक किया गया। इस हस्‍ताक्षरित बैनर को माननीय मुख्यमंत्री जी को भेजकर वार्ड 36 की समस्याएं बताई जाएंगी।

जानकारी के अनुसार नवयुवक विकास शिक्षा समिति (उत्तर प्रदेश) के तत्वाधान में हस्ताक्षर अभियान नौबस्ता के कर्रही के वार्ड 36 में चलाया गया। संस्था अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने बताया की केडीए द्वारा कॉलोनियों का निर्माण तो कराया जाता है, मगर वहां रहने वाले लोगों के लिए सुविधाएं नहीं मुहैया कराई जाती हैं। जिससे यहां के लोग गांव से ज्यादा बदतर जिंदगी जीने को मजबूर हैं। दुर्गा नगर केडीए कालोनी एवं सागर पुरी कॉलोनी में हजारों लोग निवास कर रहे हैं तथा बुनियादी जरूरतों को तरस रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि पेयजल के लिए लाइन तो बिछाई गई मगर चालू नहीं की गई, सीवर लाइन भी अधूरी पड़ी हुई है। नाली की समस्याएं भी अधूरी हैं तथा किसी भी पार्क का सुंदरीकरण नहीं किया गया है।

संस्था अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने यह भी कहा कि इस बैनर को माननीय मुख्यमंत्री जी को भेजकर वार्ड 36 की समस्याएं बताई जाएंगी जिस पर हजारों लोगों ने हस्ताक्षर करे हैं। इस कार्यक्रम में  प्रमुख रूप से पी.के अवस्थी, अभय प्रताप सिंह, हीरा सिंह, श्याम शुक्ला, अशोक सिंह, रमेश सिंह, शारदा गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।